मेंटेनेंस न होने से होती हैं दुर्घटनाएं
- फोटो : Demo
शहर में दौड़ रही बीमार स्कूली बसों के खिलाफ एक बार फिर सख्ती की तैयारी है। डीएम ओएन सिंह ने परिवहन और यातायात विभाग के अफसरों को अभियान चलाकर ऐसी बसों की जांच करने और अनफिट पाए जाने पर बसों को सीज करने का निर्देश दिया है।
करीब दो महीने पहले भी डीएम ने अनफिट स्कूली बसों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। परिवहन महकमे ने एक -दो बसों के खिलाफ कार्रवाई कर इस निर्देश की खानापूर्ति करी दी थी हालांकि उस दौरान ‘अमर उजाला’ की पड़ताल में 73 अनफिट बसें चलती मिली थी। इनमें से करीब 20 बसें अभी भी चल रही हैं।
डीएम ने कहा कि स्कूली बसों की जांच के दौरान यह भी चेक किया जाए कि उन पर चालक और स्कूल का नाम व मोबाइल नंबर लिखा गया है कि नहीं। यही नहीं चालकों के जो नाम लिखे गए हैं, उसे भी जांच लिया जाए कि वहीं चालक गाड़ी चला रहा है या कोई दूसरा। प्राय: ऐसा होता है कि सत्र के बीच में ही चालक बदल जाते हैं और बसों पर पुराने चालकों का ही नाम-नंबर चलता रहता है।