मदन मोहन मालवीय यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नालॉजी में चल रही प्रवेश काउंसिलिंग के पांचवें दिन सोमवार को बीटेक प्रथम वर्ष में कुल 106 अभ्यर्थियों को काउंसिलिंग के बाद एडमिशन लेटर जारी किया गया। इसे लेकर बीटेक प्रथम वर्ष के अनारक्षित वर्ग में अब तक 190 प्रवेश हो चुके हैं। अब 470 सीटों पर प्रवेश होना बाकी है।
यूनिवर्सिटी के प्रवेश समन्वयक डॉ. एसके श्रीवास्तव ने बताया कि सोमवार को जनरल रैंक 401 से 700 तक के अभ्यर्थियों को बुलाया गया था। इस रैंक के बीच आने वाले कुल 116 अभ्यर्थी काउंसिलिंग केंद्र पर पहुंचे। इनमें से 106 अभ्यर्थियों को प्रमाण पत्रों के सत्यापन के बाद प्रवेश के योग्य पाया गया। इसके बाद अभ्यर्थियों ने च्वायस लॉक की और देर शाम उन्हें एडमिशन लेटर दे दिया गया।
डॉ. श्रीवास्तव ने बताया कि सबसे ज्यादा समस्या ओबीसी प्रमाण पत्र को लेकर आ रही है। प्रवेश के लिए राज्य सरकार की ओर से एक अप्रैल 2016 के बाद जारी ओबीसी प्रमाण पत्र ही मान्य है, लेकिन काफी संख्या में अभ्यर्थी निर्धारित तिथि से पहले का प्रमाण पत्र लेकर आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि मंगलवार को भी अनारक्षित वर्ग में ही प्रवेश लिया जाएगा। मंगलवार को जनरल रैंक 701 से 1000 तक के अभ्यर्थियों को प्रवेश के लिए बुलाया गया है। अनारक्षित वर्ग में प्रवेश काउंसिलिंग 29 जून तक चलेगी। 30 जून को आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को प्रवेश दिया जाएगा।