एक करोड़ सदस्य बनाएगा विद्यार्थी परिषद : शाही
गोरखपुर। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के प्रदेश अध्यक्ष राजशरण शाही ने कहा कि परिषद की कॉलेज इकाई की संख्या 10000 से बढ़ाकर 50000 करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके तहत एक से 10 अगस्त तक सेल्फी विद कैंपस यूनिट अभियान चलाया जाएगा। देश भर में एक करोड़ छात्र-छात्राओं को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से जोड़ने का लक्ष्य है। गोरक्ष प्रांत में 2.25 लाख कार्यकर्ता तथा 1381 कॉलेज परिसर इकाई बनाने का लक्ष्य है।
शाही जिला पंचायत सभागार में गोरक्ष प्रांत की सेल्फी विद कैंपस यूनिट की कार्यशाला के दौरान आयोजित बैठक को संबोधित कर रहे थे। इसमें 11 जिलों के छात्र-छात्राएं शामिल थीं। कहा कि विद्यार्थी परिषद से छात्रों को बहुत अपेक्षा है । परिषद युवाआें को राष्ट्र के लिए कार्य करने को आगे लाती है। भूपेंद्र सिंह राणा ने कहा कि विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता देश को सकारात्मक दिशा में ले जाने में अपना योगदान करते हैं। कार्यक्रम में डॉ. वेदप्रकाश राय, डॉ. स्मृति मल्ल, डॉ. दिवाकर सिंह, रत्नाकर पांडे, पवन प्रकाश, मनीष राय, राकेश मौर्य आदि उपस्थित थे।