संतकबीरनगर में सोमवार को क्षेत्र के करमैनी गांव के सीवान में घास काटने गए एक किसान पर दो अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियार से हमला कर घायल कर दिया। मरणासन्न हाल में किसान को मौके पर छोड़ कर हमलावर भाग गए। बाद में मौके पर भीड़ जुट गई। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस घायल को सीएचसी मेंहदावल लेकर पहुंची। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने घायल को जिला अस्पताल रेफर कर दिया है।
पुलिस किसान को सोखैती करने की बात बता कर घटना के तार उसी से जुड़े होने की अंदेशा जताकर जांच पड़ताल कर रही है। क्षेत्र के करमैनी निवासी 50 वर्षीय बेचन यादव पुत्र रामजस यादव सोमवार को गांव के पश्चिम स्थित खेत में पशुओं के लिए चारा काटने गए थे। उसी दौरान दो अज्ञात लोग मौके पर पहुंच गए और धारदार हथियार से बेचन यादव पर जान लेवा हमला कर दिया।
घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर भाग निकले। उसी बीच गांव के कुछ किसान अपने खेतों की रखवाली करने पहुंच गए तो बेचन यादव को घायल अवस्था में देखकर हैरान रह गए और शोर मचाने लगे। उसके बाद ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। इधर सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और घायल को आनन-फानन में सीएचसी मेंहदावल पहुंचवाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने घायल को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
एसओ रविंद्र कुमार गौतम ने बताया कि घायल बेचन के दोनों हाथ और पीठ में चोटे आई हैं। हमलावरों ने हंसिया से प्रहार किया है। वैसे प्रथम दृष्टया जांच पड़ताल में पता चला है कि घायल बेचन यादव सोखैती का भी काम करते है। उसी से घटना के तार जोड़ कर देखा जा रहा है और मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। फिलहाल अभी इस मामले में तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर केस दर्ज किया जाएगा।