पंजाब नैशनल बैंक के एटीएम जुबिली रोड पर से रुपया निकालने के लिए लाइन।
- फोटो : Amar Ujala
रविवार की बंदी के बाद सोमवार को बैंक खुले तो एटीएम की स्थिति भी सुधरी नजर आई। करीब-करीब शहर के सभी इलाकों में एटीएम से नोट निकले, लेकिन 500 और 100 की करेंसी न होने से लोगों को केवल 4000 रुपये ही मिल पाए।
नोटबंदी के बाद शुरू हुई परेशानी अब लगभग समाप्ति की ओर है। बैंकों में ही नहीं एटीएम में भी कतार छोटी हो गई है। सोमवार को बैंक में जहां खाताधारकों को उनकी मांग के अनुरूप भुगतान किया गया, वहीं शहर के अधिकांश एटीएम से करेंसी निकलने लगी। हालांकि 500 और 100 के नोटों की कमी की वजह से अधिकांश एटीएम से लोगों को सरकार द्वारा कैश निकालने की नई लिमिट के अनुसार भुगतान नहीं मिला। लोगों को सिर्फ 4000 रुपये से संतोष करना पड़ा। कई लोगों की यह भी शिकायत थी कि 4000 रुपये निकालने के लिए उन्हें दो बार एटीएम आपरेट करना पड़ा। एसबीआई के एटीएम प्रभारी आरसी दुबे ने बताया कि एटीएम में जिस तरह से प्रोग्रामिंग की गई है, उसमें 4500 रुपये के लिए एक ही बार रकम फीड करनी होगी। अगर एटीएम में 2000 के अलावा 500 और 100 के नोट हैं तो 4500 रुपये तक निकाले जा सकते हैं। बैंक रोड स्थित एसबीआई मुख्य शाखा के एजीएम अमर सिंह ने बताया कि अब करेंसी की किसी तरह की दिक्कत नहीं है। बैंक में आने वाले सभी खाताधारकों को उनकी डिमांड के अनुसार भुगतान किया जा रहा है।