केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्यमंत्री रामदास अठावले ने कहा कि मायावती आरक्षण के मुद्दे पर लोगों को गुमराह कर रही हैं। प्रधानमंत्री समेत संघ के प्रवक्ता मनमोहन वैद्य स्पष्ट रूप से कह चुके हैं कि आरक्षण में कोई परिवर्तन नहीं होगा। ऐसे में मायावती की भ्रामक बातों पर कोई ध्यान नहीं देगा। भाजपा को वह मनुवादी पार्टी कहती हैं, जबकि यह भीम वादी पार्टी है।
वह गोरखपुर में प्रेसवार्ता कर रहे थे। अठावले ने कहा कि मोदी केवल बाबा साहब के बारे में बात नहीं करते बल्कि उन्हें व्यवहार में उतारते हैं। बाबा साहब बहुत बड़े अर्थशास्त्री थे। उनकी अर्थ नीति पर भीम एप चालू किया। उनसे जुड़ी धरोहरों को संरक्षित किया गया। कहा कि मायावती दलितों की भलाई का नाटक कर उन्हें गुमराह करती हैं। बताया कि प्रदेश की 43 सीटों पर उनके प्रत्याशी मैदान में हैं। अठावले ने शेष सीटों पर दलितों से भाजपा को वोट देने की अपील की। कहा, मोदी दलित और पिछड़े समाज के भलाई के लिए प्रतिबद्ध हैं। वह बाबा साहब के पदचिह्नों पर चल रहे हैं।
आरपीआई नेता ने कहा कि सपा- कांग्रेस गठबंधन को सूबे की जनता ने नकार दिया है। विधानसभा चुनाव में भाजपा गठबंधन बड़ी सफलता पाने जा रहा है। आरपीआई की भी सरकार में भागीदारी होगी। अठावले ने मुख्यमंत्री बनाने वाले पिता को ही अपमानित करने वाला बताकर अखिलेश को घेरा।