एकतरफा प्यार में पड़ोसी ने की थी महिला की हत्या
उरुवा (गोरखपुर)। उरुवा बाजार के कुशलदेईयां में टहलने निकली सुनीता (38) की हत्या के आरोप में उनकी पड़ोसी परीक्षित चौधरी (27) को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह महिला से एकतरफा प्यार करता था। महिला ने उसे बेइज्जत कर दिया था, जिससे आहत होकर उसने हत्या कर दी थी।
घटना पांच जुलाई की रात को हुई थी। कुशलदेईयां की सुनीता उस रात आठ बजे गांव की दो अन्य महिलाओं के साथ टहलने गईं थीं। आरोप है कि वापस आते समय गांव के बाहर स्थित नहर की पुलिया पर बैठे उनके पड़ोसी परीक्षित चौधरी ने रॉड और चाकू से हमला कर सुनीता की हत्या कर दी थी। वारदात के बाद वह फरार हो गया था। पुलिस ने रविवार को उसको गिरफ्तार कर घटना का पर्दाफाश किया। सुनीता के पति मोफतलाल गुप्ता बंगलूरू में पेंट-पालिश करते थे। घर पर सुनीता अपनी सास और बच्चों के साथ रहती थी।
.....
पड़ोसी की सनक से तीन बच्चों के सिर से मां का साया उठा
पड़ोसी की एकतरफा प्यार की सनक ने तीन बच्चों के सिर से मां का साया छीन लिया। आरोपी भी सलाखों के पीछे पहुंच गया। हालांकि वारदात के पहले युवक की हरकत की भनक गांव के कुछ लोगों जब लगी थी तो उन्होंने उसको समझाने की कोशिश की थी, पर उसे किसी की बात समझ में नहीं आई। अंजाम उसने पड़ोसी के साथ अपना भी जीवन तबाह कर लिया।