महीने भर पहले ही हुई कार्रवाई से सबब न लेना विभिन्न विभागों के 157 कर्मचारियों के लिए मंहगा पड़ गया। डीएम के निर्देश पर शुक्रवार की सुबह विभिन्न विभागों के औचक निरीक्षण में कर्मचारी अनुपस्थित मिले। इस पर सभी का एक दिन का वेतन रोक दिया गया है। यही नहीं जिला पंचायत और लोक निर्माण विभाग के सभी खंडों समेत छह दफ्तरों के तो कार्यालयाध्यक्ष भी मातहतों के साथ अनुपस्थित पाए गए। इन छह दफ्तरों के 194 कर्मचारियों में से 71 उपस्थित मिले जबकि 123 कर्मचारी गैर हाजिर पाए गए। इन सभी विभागों का निरीक्षण एडीएम (फाइनेंस) डॉ. चंद्रभूषण ने किया था।
इसी तरह सीडीओ डॉ. मन्नान अख्तर ने विकास भवन के सभी विभागों का निरीक्षण किया जिसमें 34 कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। डीएम ने सभी से जवाब तलब के साथ ही उनका एक दिन का वेतन रोकने का निर्देश दिया है। बता दें कि पिछले महीने में भी डीएम ने कई विभागों में अफसरों-कर्मचारियों की उपस्थिति की जांच कराई थी जिसमें करीब 200 अफसर कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए थे।