जलभराव के विरोध में प्रदर्शन करते लोग।
- फोटो : Rajesh Kumar
बारिश के बाद हुआ जलभराव अब भी लोगों के लिए समस्या बना हुआ है। इससे नाराज होकर साकेतनगर के वार्ड नंबर 69 और शक्तिनगर के लोगों ने आजाद चौक से फुलवरिया मिर्जापुर रोड पर जाम लगा दिया। घंटों जाम की वजह से दोनों तरफ वाहनों की लंबी लाइन लग गई। लोगों का आरोप था कि इस समस्या को लेकर बरसात से पूर्व ही नगर निगम के अधिकारियों को अवगत कराया गया था, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व करते हुए भाजपा नेता गौरव राय ने बताया कि आजाद चौक से मिर्जापुर रोड पर सेंट जेवियर्स पब्लिक स्कूल के सामने डेढ़ से दो फुट तक गड्ढे हो गए हैं, जिससे बरसात और नालियों का पानी सड़क पर ही इकट्ठा हो गया है। इसके चलते लोगों का आना-जाना मुश्किल हो गया है। आए दिन बुजुर्ग, बच्चे और महिलाएं इन गड्ढे में गिरकर चोटिल हो रहे हैं। शिकायत के बावजूद नगर निगम के अधिकारी और पार्षद इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं। गौरव ने बताया कि सड़क की हर साल मरम्मत होती है लेकिन जल निकासी की उचित व्यवस्था न होने से हर साल बरसात में लोगों को दुश्वारियों का सामना करना पड़ता है।
गौरव ने नगर निगम अधिकारियों को चेतावनी दी कि अगर समस्या का जल्द समाधान नहीं हुआ तो मोहल्ले वालों के साथ नगर निगम में प्रदर्शन किया जाएगा। प्रदर्शन करने वालों में वैभव पांडेय, सुधांशु श्रीवास्तव, सुनील शुक्ला, अरुण पांडेय, आनंद राय, संदीप उपाध्याय, श्याम सुंदर, आशुतोष राय, आदित्य सिंह, आशुतोष सिंह, अतुल दुबे, मोनू निषाद, सनी पांडेय, रामू निषाद, मुकुंद त्रिपाठी, प्रभात, सर्वेश सिंह, अंकुर राय आदि मौजूद रहे।