एम्स लाओ संघर्ष समिति का सत्याग्रह 12वें दिन भी जारी रहा। आंदोलन के क्रम में समिति के सदस्यों ने कबूतर उड़ाकर गोरखपुर को इंसेफेलाइटिस से मुक्ति का संदेश दिया।
मंडलायुक्त कार्यालय में चल रहे सत्याग्रह के दौरान राणा राहुल सिंह ने कहा कि जब तक केंद्र और प्रदेश सरकार पूर्वांचल के स्वास्थ्य सुधार और एम्स के निर्माण के संबंध में कोई ठोस जवाब नहीं देती तब तक यह सत्याग्रह चलता रहेगा। दरअसल एम्स के निर्माण को लेकर दोनों सरकारों का रवैया सही नहीं है। पूर्वांचल के हित को ध्यान में रखते हुए दोनों दलों को स्वार्थ की राजनीति छोड़कर एम्स के निर्माण में सहयोग दे। इस मौके पर पूर्व पार्षद अजय यादव ने कहा कि पूर्वांचल के लोगों को अब तक बेहतर सुविधाओं से वंचित रखा गया है। अब हम एम्स लेकर रहेंगे।
आगामी विधानसभा चुनाव में पूर्वांचल की जनता वर्तमान केंद्र व प्रदेश सरकार को मुंहतोड़ जवाब देगी। सत्याग्रह को आदर्श पूर्वांचल ठेकेदार समिति के शरद कुमार सिंह, राकेश कुमार शाही, अखिल भारतीय ब्राह्मण सभा के मंडल अध्यक्ष दिलीप द्विवेदी ने भी समर्थन जताया। इस दौरान रवि सिंह, आशुतोष यादव, अमित दुबे, कुलदीप सोनकर, श्याम दत्त पांडेय, रामू यादव, वेद प्रकाश सिंह, मो. नजर, लालू सिंह, राकेश यादव, राज सिंह आदि मौजूद थे।