बैंक रोड़ स्थित एसबीआई के एटीएम पर रकम निकालने के लिए लगी भीड़।
- फोटो : Shivharsh Dwivedi
शुक्रवार को आरबीआई से स्टेट बैंक के अलावा अन्य कुछ बैंकों को करीब 100 करोड़ रुपये आने के बाद शनिवार को बैंकों और एटीएम की स्थिति बेहतर रही। इससे सुबह से ही बैंकों और एटीएम पर लोगों की लंबी कतारें लगी रहीं। करेंसी चेस्ट से करीब 11 बजे कैश मिलने से बैंकों में काम शुरू होने में देरी हुई और लोगों को इंतजार करना पड़ा। आरबीआई के शनिवार को बंद रहने से रविवार को बहुत सारे बैंकों के एटीएम के बंद रहने की संभावना है।
नोटबंदी से रकम के लिए किल्लत झेल रहे लोगोें को बैंकों और एटीएम से राहत रही। हालांकि कुछ एटीएम दिन भर सूखे ही रहे। वहीं बैंकों ने एटीएम में कैश फिलिंग की जगह बैंकों में कामकाज करने को तवज्जो दी। दरअसल, 1000 और 500 के नोट बदलने की व्यवस्था खत्म होने के बाद अधिकतर बैंक अपने खाताधारकों को ही प्राथमिकता दे रहे हैं। ऐसे में शुक्रवार को बगहा बाबा मंदिर रोड स्थित आईसीआईसीआई, एसबीआई, इलाहाबाद बैंक के एटीएम सुबह से शाम तक बंद रहे। हालांकि बैंक रोड स्थित एचडीएफसी, एसबीआई, पंजाब नेशनल बैंक समेत अन्य बैंकों के एटीएम पर लोगों की लंबी कतारें लगी रही।
कल दोपहर बाद स्थिति होगी सामान्य
शनिवार और रविवार लगातार दो दिन रिजर्व बैंक बंद होने से बैंकों में सोमवार दोपहर बाद तक करेंसी का संकट बने रहने की संभावना है। स्टेट बैंक के एजीएम अमर सिंह ने कहा कि एसबीआई को शुक्रवार को जो भी रकम मिली थी, उससे शनिवार को बैंक और एटीएम की स्थिति अच्छी रही। रविवार को तो बैंक बंद रहेगा, लेकिन मुख्य शाखा समेत कुछ अन्य एटीएम से लोग कैश निकाल सकेंगे। हालांकि सोमवार को दोपहर बाद ही स्थिति सामान्य हो सकेगी।
बैंकों में करेंसी की बनी हुई है किल्लत
पंजाब नेशनल बैंक समेत करीब-करीब सभी बैंकों में करेंसी की किल्लत बनी हुई है। इससे सभी बैंक अपने खाताधारकों को सप्ताह में 24 हजार रुपये निकालने की सुविधा भी नहीं दे पा रहे हैं। पंजाब नेशनल बैंक के अधिकारियों को कहना है कि आरबीआई से मिली रकम को सभी शाखाओं के बीच बांटी गई है। इसी रकम से शाखाओं को काम चलाना है। ऐसे में सभी को 24 हजार रुपये दे पाना संभव नहीं है। आने वाले चार पांच दिनों में स्थिति सामान्य होने की संभावना है।
निगम अधिकारियों और कर्मचारियों को किश्तों में वेतन
करेंसी की किल्लत से बैंक द्वारा नगर निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों को किश्तों में वेतन दिया जाएगा। निगम के कर्मचारियों ने देशहित में इसे सहर्ष स्वीकार भी कर लिया है। शनिवार को नगर निगम कर्मचारी समन्वय समिति के अध्यक्ष कौशल कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में भ्रष्टाचार, कालाधन पर रोक लगाने के लिए मोदी सरकार के फैसले की सराहना की गई और पूरा सहयोग देने का निर्णय लिया गया। कौशल शुक्ल ने कहा कि इलाहाबाद बैंक के मैनेजर ने बताया है कि उनके पास वेतन का 32 लाख रुपये मिल गया है, फिर भी प्रत्येक कर्मचारी को पहली किश्त में मात्र छह हजार रुपये दिए जाएंगे। साथ ही उन्होंने जल्द पूर्ण वेतन उपलब्ध कराने का आश्वासन भी दिया है। सोमवार से वेतन दिया जाने लगेगा। बैठक में टोनी पांडेय, रविंद्र कुंवर, अशोक पाठक, शक्ति, प्रकाश मिश्रा, रामआधार दास, रुदल यादव, विनोद श्रीवास्तव, शेषनाथ पांडेय समेत अन्य सभी पदाधिकारी मौजूद थे।