स्नातक प्रवेश के बाद गोरखपुर यूनिवर्सिटी में शनिवार से परास्नातक प्रवेश प्रक्रिया भी शुरू हो गई। पहले दिन एमएससी जुलोजी और एमकॉम की प्रवेश काउंसिलिंग शुरू हुई और पहले दिन ही जुलोजी में परास्नातक की सभी जनरल सीटें फुल हो गईं। जबकि एमकॉम में पहले दिन 82 विद्यार्थियों ने काउंसिलिंग कराकर प्रवेश प्रक्रिया पूरी की।
विज्ञान संकाय के डीन और जुलोजी विभाग के अध्यक्ष प्रो. राजेंद्र सिंह ने बताया कि शनिवार को अनारक्षित वर्ग में 138 या उससे अधिक अंक हासिल करने वाले अभ्यर्थियों को सुबह 10 से 12 बजे के बीच बुलाया गया था। जबकि इसी वर्ग के प्रतीक्षा सूची में 122 या उससे अधिक अंक हासिल करने वाले अभ्यर्थियों को दोपहर 12 से दो बजे तक बुलाया था। पहले ही दिन 24 विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया, जिससे जनरल के निर्धारित सीटों पर प्रवेश पूरा हो गया।
एमकॉम के प्रवेश संयोजक प्रो. आनंद सिंह ने बताया कि शनिवार को अनारक्षित वर्ग में 124 अंक, ओबीसी में 108 अंक, एससी में 90 अंक और एसटी में 112 अंक तक पाने वाले अभ्यर्थी आमंत्रित थे। इसमें प्रमाण पत्रों के सत्यापन के बाद 82 विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया। अनारक्षित वर्ग में 45, ओबीसी में 20, एससी में 15 और एसटी में दो अभ्यर्थियों ने प्रवेश लिया।