सलमान खान के साथा गौरी (बाएं से दूसरे)।
- फोटो : Amar Ujala
मुंबई में एफएम चैनल की सिंगिंग प्रतियोगिता में गोरखपुर की गौरी मिश्रा ने अपनी सुरीली जादू का जलवा बिखेरा है। गौरी के गाए बांबे फिल्म की सुपरहिट गीत ‘तू ही रे, तू ही रे, तेरे बिना मैं कैसे जीयूं...’ को सुनकर होस्ट अभिनेता सलमान खान खुद को रोक नहीं पाए और स्टेज पर पहुंचकर गौरी को गले से लगा लिया, जबकि उनके भाई सुहैल खान ने खड़े होकर तालियां बजाईं। प्रतियोगिता में गौरी अंतिम पांच प्रतिभागियों में चुनी गई है। मेगा फाइनल राउंड छह जून को आदिवाशन ऑडोटोरियम, शांताक्रूज मुंबई में होगा।
क्लासिकल और फोक की बेहतरीन गायिका गौरी मिश्रा को गायिकी विरासत में मिली है। मां भी अच्छी गायिका रह चुकी हैं और बड़ी बहन मेधा मिश्रा मशहूर गायक सुरेश वाडेकर के कैंप में ट्रेनिंग लेकर अब नवोदित कलाकारों को गायिकी की बारीकियां सिखाती हैं। गौरी के पिता शीतल प्रसाद मिश्र पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्यालय के सिग्नल कारखाने में चीफ इंस्पेक्टर हैं। पांच बहनों में सबसे छोटी गौरी की शुरुआती तालीम सेंट जोसेफ स्कूल गोरखनाथ में हुई।
गौरी ने इसके पहले भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। पूर्वोत्तर रेलवे में हुए टैलेंट हंट में गौरी की प्रतिभा को देखकर तत्कालीन महाप्रबंधक राजीव मिश्र ने उसे 5 हजार रुपये का पुरस्कार दिया था। यही नहीं दो साल पहले कपिल के शो में मौजूद अभिनेत्री रेखा ने गौरी के गीत सुनकर उन्हें गोद में उठा लिया था। यह तस्वीर उस दौरान खूब वायरल हुई थी और लोगों ने गौरी की सुरीली आवाज को खूब सराहा था। गौरी ने बताया कि सलमान ने उन्हें गले लगाकर कहा, ‘यू आर बेस्ट, बेस्ट ऑफ लक।’