इलाके के बरगदही में रुपये के लेनदेन के विवाद में नर्तकी को चाकू मारने के आरोपी को पुलिस ने महज शांतिभंग में चालान कर अपना काम पूरा कर लिया। नर्तकी कोलकाता की रहने वाली है। संचालक के दहशत में उसने तहरीर नहीं दी। पुलिस ने भी इस मामले में तहरीर लेकर कार्रवाई करने की जगह मामले को रफा-दफा करने की कोशिश की।
गुलरिहा थाना क्षेत्र के मोहम्मद बरवां निवासी वीरेंद्र सात वर्षों से आर्केस्ट्रा चलाता है। उसके आर्केस्ट्रा में चार लड़कियां नर्तकी के रूप में काम करती हैं। चारों लड़कियां गुलरिहा थाना क्षेत्र के बरगदही में किराए के मकान में रहती हैं। नर्तकी का कहना है कि उसका 45 हजार रुपया आर्केस्ट्रा के मालिक वीरेंद्र ने नहीं दिया है। उसका आरोप है कि बुधवार की रात में प्रोग्राम से लौटने के बाद बाकी रुपये मांगने पर उसने चाकू से हमला कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार जरूर किया लेकिन कड़ी कार्रवाई की जगह शांतिभंग में चालान कर मामले को रफा-दफा कर दिया।