जिले में झोलाछाप डॉक्टरों के खिलाफ शासन की सख्ती के बाद स्वास्थ्य महकमे ने कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है। सीएमओ ने सभी स्वास्थ्य केंद्र प्रभारियों को पत्र जारी कर आदेश दिया है कि वे अपने इलाके में झोलाछाप डॉक्टरों की सूची तैयार कराएं और जांच के बाद उनके खिलाफ मुकदमे की कार्रवाई करें।
उन्होंने कहा कि इस काम में प्रशासनिक अनुमति लेने के बाद ऐसे डॉक्टरों की क्लीनिक को भी सीज किया जाए। हर महीने की 25 तारीख तक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारियों को जांच और कार्रवाई रिपोर्ट सीएमओ को देनी होगी, जिसे शासन को भेजा जाएगा।
प्रदेश में झोलाछाप डॉक्टरों के कारण बिगड़ रही सेहत की शिकायत मुख्यमंत्री तक पहुंची तो शासन ने इसे गंभीरता से लेते हुए ऐसे डॉक्टरों पर कार्रवाई का आदेश दिया है। शासन से पत्र आने के बाद सीएमओ ने सख्ती करते हुए सभी स्वास्थ्य केंद्र प्रभारियों को पत्र जारी कर कहा है कि अपने-अपने इलाके में जाकर ऐसे डॉक्टरों की जांच करें।
इस दौरान उनकी डिग्री आदि की भी विस्तृत जानकारी लेकर उसे सूचीबद्ध करें और पूरी रिपोर्ट हर महीने की 25 तारीख को सीएमओ दफ्तर भेजें। उन्होंने कहा कि झोलाछाप डॉक्टरों पर मुकदमा दर्ज करने और क्लीनिक को सीज करने की कार्रवाई करनी है। इस काम में लापरवाही बरतने वाले स्वास्थ्य केंद्र प्रभारियों पर कार्रवाई की जाएगी।
झोलाछाप डॉक्टरों पर कार्रवाई के लिए सभी स्वास्थ्य केंद्र प्रभारियों को आदेश दिया गया है। हर महीने की 25 तारीख तक कार्रवाई और जांच की रिपोर्ट भेजनी है। इसमें लापरवाही बरतने वाले प्रभारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
- डॉ. रविंद्र कुमार, सीएमओ