जिला क्रिकेट लीग मैच के अंतर्गत शुक्रवार को खेले मैच में आतिफ एकेडमी ने टीडीएम एकेडमी को 9 विकेट से हराया। वहीं दूसरे मैच में अक्की स्पोटर्स ने गौतम बुद्ध एकेडमी को 97 रनों से हराया।
नवल्स क्रिकेट ग्राउंड पर हुए मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीडीएम एकेडमी के बल्लेबाजों के लचर प्रदर्शन के चलते पूरी टीम निर्धारित 35 ओवर में 83 रनों पर ही सिमट गई। टीडीएम की तरफ से अमित सिंह 17 के अलावा कोई भी खिलाड़ी दहाई के अंक को छू भी नहीं पाया। आतिफ की तरफ से संकल्प मिश्रा को 3 विकेट और प्रिंस, आलोक, किशन को दो-दो विकेट हासिल हुए। 84 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आतिफ एकेडमी ने मात्र 12 ओवरों में ही एक विकेट के नुकसान पर लक्ष्य को हासिल कर लिया। आतिफ एकेडमी की तरफ से आंजेय सुर्यवंशी ने 57 और निखिल राव ने 24 रन बनाए।
वहीं सेंट एंड्रयूज कॉलेज में खेले गए मैच में टास जीतकर अक्की स्पोटर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 210 रनों का विराट स्कोर खड़ा किया। अक्की स्पोटर्स की तरफ से शोभित गोंड ने 43, पवन 40, और जितेंद्र ने सर्वाधिक 25 रन बनाए। गौतम बुद्धा की तरफ से राहुल और अमन को दो-दो विकेट मिले। लक्ष्य का पीछा करने उतरी बुद्धा एकेडमी की टीम 24 ओवरों में मात्र 113 रन ही बना सकी। बुद्धा एकेडमी की तरफ से राहुल ने सर्वाधिक 46 रन बनाए। अक्की की तरफ से हर्ष ने 3, प्रेम व आदर्श ने दो-दो और आशुतोष ने एक विकेट हासिल किया।