पूर्वांचल का अभिशाप बने इंसेफेलाइटिस से हो रही मौतों को लेकर सांसद आदित्यनाथ ने प्रदेश सरकार पर संवेदनहीनता का आरोप लगाया है और कहा है प्रदेश सरकार थोड़ी भी चैतन्य होती तो अब तक इंसेफेलाइटिस पर प्रभावी रोक लग सकती थी। सांसद ने शुक्रवार को मेडिकल कालेज के इंसेफेलाइटिस वार्ड एवं एपेडमिक वार्ड का निरीक्षण करने पहुंचे थे।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवा के प्रति प्रदेश सरकार की लापरवाही हद दर्जे की है। भारत सरकार से पर्याप्त सहायता मिलने के बाद भी प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाएं बदहाल है। इंसेफेलाइटिस की रोकथाम के लिए स्वच्छता अभियान एवं शुद्ध पेयजल की जो व्यवस्था होनी चाहिए वह दुर्व्यवस्था का शिकार है। साथ ही बीमारी के उपचार के लिए पीएचसी, सीएचसी एवं जिला चिकित्सालयों में कोई व्यवस्था न हो पाना प्रदेश सरकार की भारी लापरवाही का ही परिणाम है।
सासंद ने मेडिकल कालेज में भारत सरकार के सहयोग से निर्मित होने वाले सुपर स्पेशिलियटी ब्लाक स्थल, वायरोलाजी सेंटर के लिए प्रस्थावित स्थल का निरीक्षण किया। इस मौके पर पूर्व ब्लॉक प्रमुख विपिन सिंह, धीरेंद्र सिंह बघेल, लालजी सिंह, चंदन विश्वकर्मा, रणजीत सिंह, कपिलपति त्रिपाठी, अजय सिंह सहित कई लोग उपस्थित थे।
मरीजों से की बातचीत
मेडिकल कॉलेज पहुंचे सांसद आदित्यनाथ ने इंसेफेलाइटिस के मरीजों और तीमारदारों से भी बात की और अब तक मिले उपचार की जानकारी ली। इस दौरान ज्यादातर तीमारदारों ने पहले झोलाछाप डॉक्टरों से उपचार कराने की बात स्वीकार की। तीमारदारों ने सांसद से बाहर से भी दवा मंगाने की शिकायत की। इस पर सांसद ने मेडिकल कालेज प्रबंधन को दवा का इंतजाम करने का निर्देश दिया।
इंसेफेलाइटिस से छह और की मौत, 13 भर्ती
इंसेफेलाइटिस से हो रही मौतों को रोकने में स्वास्थ्य महकमे की सारी कोशिशें बेकार साबित हो रहीं हैं और मरीजों की मौतों का सिलसिला जारी है। पिछले 24 घंटे में जहां छह और मरीजों ने इंसेफेलाइटिस से दम तोड़ दिया, वहीं 13 नए मरीजों को भर्ती किया गया है। इंसेफेलाइटिस का असर केवल गोरखपुर ही नहीं, बल्कि पूरे पूर्वांचल में देखने को मिल रहा है। नतीजतन यहां मेडिकल कॉलेज में आसपास के सभी जिलों के मरीज पहुंच रहे हैं। पिछले 24 घंटे में गोरखपुर के तीन, महराजगंज, देवरिया, कुशीनगर और बिहार के दो-दो, संतकबीर नगर, सिद्धार्थनगर के एक-एक मरीज भर्ती किए गए हैं। इसके अलावा गुलरिहा, गोरखपुर के गोलू (1.5), कुशीनगर के गोलू (2.5), बांसी सिद्धार्थनगर की जसनीन (4), खोराबार गोरखपुर के अनुराग (1), गौरीबाजार देवरिया की संगम (2) और उसका बाजार सिद्धार्थनगर के अरुण (3) की मौत हो गई।