गोरखनाथ मंदिर में गुरु की पूजा करते मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी।
- फोटो : Amar Ujala
सीएम आदित्यनाथ योगी शपथ ग्रहण के बाद पहली बार शनिवार शाम सात बजे गोरखनाथ मंदिर पहुंचे। इससे पहले उनके काफिले के कुछ ही देर में मंदिर पहुंचने की सूचना जैसे ही वहां इंतजार में खड़ी भीड़ को हुई तो पूरा परिसर योगी और श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा। हर बीतते पल के साथ लोगों का जोश बढ़ता गया। जब सीएम की गाड़ी मंदिर के मुख्य द्वार पर पहुंची तो अंदर-बाहर समवेत स्वर में योगी-योगी की गूंज ही सुनाई दी। मंदिर पहुंचकर मुख्यमंत्री ने सबसे पहले बाबा गुरु गोरखनाथ को प्रणाम किया और फिर ब्रह्मलीन गुरु महंत अवेद्यनाथ की समाधि पर सिर नवाया।
मुख्यमंत्री आदित्यनाथ की अगुवानी के लिए शहर से मंदिर जाने वाले रास्ते पर जगह-जगह तोरणद्वार एवं मंच सजाए गए थे। हालांकि, सीएम का काफिला मंदिर से पहले कहीं नहीं रुका। दूसरी ओर सीएम जब महाराणा प्रताप कॉलेज मैदान पर आयोजित कार्यक्रम से निकले तभी मोटरसाइकिल सवार युवाओं की टोली हाथों में भाजपा का झंडा लिए योगी-योगी का उद्घोष करते हुए मंदिर की ओर फर्राटा भरकर इसका एहसास कराने लगी कि सीएम जल्द ही मंदिर पहुंचने वाले हैं। युवाओं का हुजूम मंदिर पहुंचा तो वहां पहले से मौजूद भीड़ पूरे जोश में आ गई। हालांकि, इस हुजूम को मंदिर गेट के भीतर जाने की अनुमति नहीं मिली, मगर तमाम लोग ऐसे थे जो पांच-छह घंटे पहले से ही परिसर के भीतर जा जमे थे। सीएम की गाड़ी पहुंचते ही गेट के दोनों ओर मौजूद लोग जोश से भर उठे।
सीएम की गाड़ी मंदिर के सामने रुकते ही भीड़ उन्हें करीब से देखने के लिए आगे बढ़ी लेकिन कड़ा सुरक्षा घेरा होने के चलते ऐसा हो नहीं सका। कुछ खास लोगों ने बुके देकर सीएम की अगुवानी की। फिर कुछ ही पलों में सीएम आदित्यनाथ योगी बाबा गुरु गोरखनाथ के दर्शन-पूजन के लिए जा पहुंचे। इससे पहले मंदिर में अनुष्ठान चल रहे थे। सीएम ने बाबा के दर्शन के बाद ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ का आशीर्वाद लिया, फिर बैठक कक्ष में चले गए।