गोरखपुर। नई बाजार के व्यापारियों ने रविवार को प्रेस वार्ता कर प्रदीप को संरक्षण देने वालों पर कार्रवाई की मांग की। उसके भाइयों पर व्यापारियों का नंबर पहुंचाने के साथ ही पुलिस कर्मियों पर मिलीभगत का आरोप लगाया। एसएसपी से पीड़ित व्यापारियों ने सुरक्षा की मांग की है।
प्रेस क्लब में पत्रकारों से बातचीत करते हुए सराफा व्यापारी दुर्गा प्रसाद कसौधन ने बताया कि जेल से प्रदीप यादव ने 22 अक्टूबर को फोन कर रंगदारी मांगी। रुपये न देने पर विपिन कुशवाहा की तरह हत्या करने की धमकी दी। जेल में बंद प्रदीप को मोबाइल फोन कैसे मिला प्रशासन इसकी जांच कराई जाए। अपराधियों को संरक्षण देने वाले पुलिस कर्मियों पर कार्रवाई होनी चाहिए। दुर्गा के साथ गैस एजेंसी संचालक आशुतोष दुबे और अन्य व्यापारियों ने एसएसपी से प्रदीप को गोरखपुर जेल से हटाने के साथ ही फरार संदीप को गिरफ्तार करने की मांग की है। दुर्गा ने बताया कि अधिकारी मोबाइल फोन नंबर 8756261505 की जांच कराकर इसे जेल में पहुंचाने वाले पर कार्रवाई करे।