गोरखपुर। सदर सांसद महन्त आदित्यनाथ ने कहा कि दिल्ली एवं मुम्बई रूट पर त्योहारों को देखते हुए रेलवे अतिरिक्त गाड़ियों की व्यवस्था करे। साथ ही यह सुनिश्चित हो कि हर यात्री सुरक्षित और सम्मानित ढंग से यात्रा कर सके।
टेलीफोन पर बातचीत में महन्त ने एनई रेलवे के जीएम से यह मांग की। उन्होंने कहा कि भारी संख्या में पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार के नागरिक और कामगार दिल्ली मुम्बई सहित अन्य महानगरों में रहते हैं। त्योहारों पर वे घर आते हैं। दिल्ली-मुम्बई जाने वाली गाड़ियों में जो भीड़ है उसकी स्थिति चिंताजनक है। निर्धारित किराया देने के बाद भी यात्रियों को बैठने की जगह नहीं मिल रही है। सुरक्षा व्यवस्था के नाम पर यात्रियों को अपमानित किया जा रहा है। जीएम ने सांसद से कहा कि यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त यात्री गाड़ियों की व्यवस्था की गई है। कुछ ट्रेनों में अतिरिक्त कोच भी लगाए गए हैं। यह भी सुनिश्चित किया जा रहा है कि पूर्वोत्तर रेलवे के प्रत्येक स्टेशनों पर आरपीएफ और जीआरपी के जिम्मेदार अधिकारी की तैनाती हो। यात्रियों के साथ कोई दुर्व्यवहार न हो।