गोरखपुर। राजघाट के रायगंज में बृहस्पतिवार की रात दुकानदार के घर युवकों ने पथराव कर दिया। इस बीच चाकू से हमले में दुकानदार और उसके जीजा गंभीर रुप से घायल हो गए। उन्हेें मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। कोतवाली के नखास चौक पर हुए एक अन्य विवाद में युवक ने दुकानदार पर चाकू से हमला कर दिया।
राजघाट थानाक्षेत्र के रायगंज मोहल्ले में रहने वाले शैलेंद्र गुप्ता मकान में ही जनरल स्टोर चलाते हैं। बृहस्पतिवार की रात आठ बजे मिर्जापुर में रहने वाले उनके जीजा पवन घर आए थे। दोनों सड़क पर बातचीत कर रहे थे। इसी बीच अलहदादपुर दलित बस्ती से आए युवकों का शैलेंद्र के पड़ोस में पटाखों की दुकान लगाने वाले से विवाद हो गया। मारपीट होने पर शैलेंद्र ने पवन के साथ जाकर बीच-बचाव किया। कुछ देर बाद दलित बस्ती से 10 की संख्या में पहुंचे युवकों ने शैलेंद्र के घर पर पथराव कर दिया। आरोप है कि फायरिंग करने के बाद इन युवकों ने शैलेंद्र और पवन पर चाकू से हमला कर दिया। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने इन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया जहां से मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों पर हत्या का प्रयास और मारपीट का मुकदमा दर्ज किया है। कोतवाली के नखास चौक पर घर में ही खिलौनों की दुकान चलाने वाला 26 वर्षीय फरहान बृहस्पतिवार की रात घर के सामने खड़ा था। रात 10 बजे मोहल्ले के शेरू और अमित नशे में धुत होकर पहुंचे और हंगामा करने लगे। विरोध करने पर हाथापाई कर दी। फरहान ने शेरू की पिटाई करके उसे भगाया। कुछ देर बाच वह चाकू लेकर पहुंचा फरहान के गले पर वार कर दिया। कोतवाली पुलिस ने फरहान को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।