गोरखपुर। रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर पांच पर महिला के पर्स से 60 हजार रुपये और जेवरात चुराकर एक महिला फरार हो गई। घटना की जानकारी होने पर पीड़ित की मां ने उसे दौड़ाकर पकड़ने का प्रयास किया लेकिन वह भाग निकली। मुकदमा दर्ज कर जीआरपी मामले की छानबीन कर रही है।
कैंट, रुस्तमपुर की रहने वाली 27 वर्षीय पूनम उपाध्याय बृहस्पतिवार की सुबह छह बजे मां दुर्गावती के साथ नौतनवां जाने के लिए स्टेशन पहुंची थी। टिकट लेने के बाद प्लेटफार्म नंबर पांच पर दोनो ट्रेन का इंतजार कर रहे थे। इस बीच पहुुंची एक महिला भी नौतनवां जाने की बात कह बगल में खड़ी हो गई। प्लेट से पूनम का पर्स काटकर उसमें रखा 60 हजार रुपये, मंगलसूत्र और पायल उसने निकाल लिया। चोरी के बाद महिला के धर्मशाला की ओर बढ़ने पर पूनम ने बैग चेक किया तो रुपये और जेवरात गायब थे। शोर मचाते हुए उसकी मां दुर्गावती ने महिला चोर का पीछा किया लेकिन वह चकमा देकर फरार हो गई। सूचना पर पहुंची जीआरपी ने पूनम की तहरीर पर चोरी का मुकदमा दर्ज किया है। पूनम ने बताया कि उसके पति अंबिस उपाध्याय प्राइवेट कंपनी में काम करते है। बंधक खेत को छुड़ाने के लिए रुपये लेकर गांव जा रही थी। जीआरपी इंस्पेक्टर रमेश सिंह राठौर ने बताया कि मामले की छानबीन चल रही है।