सहजनवां। कस्बे में पटाखों की 30 दुकानें बुधवार को जलकर राख हो गईं। हादसे में पांच बाइक समेत आधा दर्जन साइकिलें भी जल गईं। आग लगने की वजह दुकान के पास राकेट छोड़ने की कोशिश बताई जा रही है। पुलिस ने बिना अनुमति दुकान लगाने पर 30 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
सहजनवां के वार्ड नंबर 15 में काली मंदिर के सामने रेलवे की खाली जमीन पर बिना लाइसेंस के 50 से ज्यादा लोगों ने पटाखे की दुकानें लगा ली थीं। सुबह लगभग 11 बजे एक लड़के ने राकेट खरीदा और दुकान के पास ही जलाने लगा। राकेट ऊपर न जाकर पटाखे की एक दुकान में चला गया। जलते राकेट की जद में आए दूसरे पटाखों में भी आग लग गई। तेज धमाकों के साथ आग फैलने से वहां भगदड़ मच गई। देखते ही देखते आधे घंटे के भीतर 30 से ज्यादा दुकानें जल गई। दमकल की दो गाड़ियों की मदद से 45 मिनट बाद आग पर काबू पाया जा सका। दुकानदारों ने बताया कि पटाखे की दुकान के लिए एक वकील के जरिए अस्थाई लाइसेंस का आवेदन किया है। लेकिन लाइसेंस जारी नहीं हुआ। दुकानदारों ने बताया कि हर साल वह इसी स्थान पर पटाखों की दुकानें लगती हैं।