झंगहा। झंगहा के नई बाजार में बुधवार की सुबह शातिर प्रदीप यादव के नाम पर सर्राफ से एक लाख रुपये रंगदारी मांगी गई है। फोन कर बदमाश ने रुपये नहीं देने पर प्रबंधक के बेटे जैसा हाल करने की धमकी दी। सर्राफ को धमकी देने के बाद उसी नंबर से एक दुकानदार को रविवार को जिला जेल में आकर मिलने की धमकी मिली है। पीड़ित की सूचना पर हरकत में आई पुलिस सर्राफ और दुकानदार के परिवार की सुरक्षा बढ़ाने के साथ ही फोन करने वाले के बारे में जानकारी जुटा रही है।
झंगहा के राघोपट्टी पड़री गांव निवासी दुर्गा कसौधन की नई बाजार में आकाश ज्वेलरी के नाम से दुकान है। बुधवार सुबह 11:30 बजे उनके मोबाइल फोन पर 8756261505 नंबर से कॉल आई। उस समय दुर्गा दुकान पर थे। फोन करने वाले ने बताया कि वह जिला जेल से प्रदीप यादव बोल रहा है। उसने सर्राफ से एक लाख रुपये रंगदारी देने को कहा। रुपये नहीं देने पर प्रबंधक के बेटे जैसा हाल करने की धमकी दी। इसके बाद फोन करने वाले बदमाश ने इसी नंबर से ब्रह्मपुर निवासी जय नरायन जिनकी सूर्या पुस्तक भंडार के नाम से दुकान है को धमकी दी। फोन करने वाले ने जय नरायन से रविवार को जिला जेल में आकर मिलने को कहा। फोन करने वाले ने जय नरायन को धमकी दी कि अगर वह रविवार को मिलने नहीं आएगा तो उसका भी प्रबंधक के बेटे जैसा हाल होगा। इस घटना की जानकारी दोनों व्यापारियों ने सीओ चौरीचौरा और एसओ झंगहा को दे दी है। सूचना के बाद पुलिस ने दोनों व्यापारियों की सुरक्षा बढ़ा दी है। पीड़ित दोनों व्यापारियों ने पुलिस को तहरीर दे दी है।