गोरखपुर। हाईस्कूल के छात्र ने शातिर चंदन के नाम पर फोन कर अपने रिश्तेदार डॉक्टर से दो लाख रुपये रंगदारी मांगी और पुलिस को बताते पर जान से मारने की धमकी दी। डॉक्टर की सूचना पर जांच में जुटी पुलिस ने छात्र और फेक आईडी पर उसे सिमकार्ड देने वाले दुकानदार को गिरफ्तार कर लिया। रविवार को एसपी सिटी ने घटना का खुलासा किया।
एसपी सिटी सत्येंद्र कुमार ने बताया कि डॉक्टर अशोक शुक्ल का कैंट के दाउदपुर में शंकर नेत्र एवं मैटरनिटी क्लीनिक है। 15 अक्टूबर को उनके पास मोबाइल नंबर 9918268366 से फोन आया। फोन करने वाले ने अपना नाम चंदन सिंह बताते हुए दो लाख रुपये की रंगदारी मांगी। रुपये न देने और पुलिस को बताते पर जान से मारने की धमकी दी। अगले दिन धमकी देने वाले ने क्लीनिक के सामने स्थित पान की दुकान पर डॉक्टर के नाम से पत्र भेजा। जिसमें उसने रुपये पान की दुकान पर रखने को लिखा था। डॉक्टर ने मामले की जानकारी एसएसपी आरके भारद्वाज को दी। मोबाइल नंबर के आधार पर पुलिस ने सिमकार्ड बेचने वाले दुकानदार अजय कुमार गुप्ता को संतकबीरनगर से गिरफ्तार किया। पूछताछ में जानकारी मिली कि सिमकार्ड खलीलाबाद सुगर मिल के पास रहने वाले सुमित त्रिपाठी ने खरीदा है। वह हाईस्कूल का छात्र है और शहर के गोरखनाथ क्षेत्र में किराए पर कमरा लेकर रहता है। पुलिस ने सुमित को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने रंगदारी मांगने की बात कबूली। उसके पास से सिमकार्ड और मोबाइल फोन मिला है। सुमित डॉक्टर अशोक का रिश्तेदार भी है। दुकानदार अजय गुप्ता के साथ पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।