गोरखपुर। शहर में जाम की समस्या से निजात के लिए हुए फैसले अब तक अमल में नहीं आ सके है। जिसके कारण लोगों को रोज जाम से जूझना पड़ रहा है। आदेश के बावजूद देहात क्षेत्रों से शहर में आने वाले टेंपो स्टैंडों पर नहीं खड़े किए जा रहे हैं। चालक धड़ल्ले से टेंपो शहर के भीतर चला रहे हैं। रेलवे स्टेशन के सामने डग्गामार बसें 24 घंटे लाइन से खड़ी रहती हैं। एक-दो दिन अभियान चलाने के बाद ट्रैफिक और परिवहन विभाग की टीम खामोश हो जाती है। जिसका फायदा डग्गामार बस मालिक उठा रहे हैं।
शहर में टेंपो संचालन के लिए एसएसपी आरके भारद्वाज के तरफ से एक प्लान तैयार किया गया है। जिसमें जिस रूट पर जो टेंपो चल रहे हैं, उसकी पहले गणना की जाए। इसके बाद उस रूट के टेंपो किसी अन्य रूट पर न चले, यह निश्चित कर लिया जाए। शहर में प्रमुख रूट चिह्नित करने के साथ ही उन पर कितने टेंपो चल रहे है, इसे भी निश्चित किया जाए और उस रूट पर चलने वाले का टेंपो का कलर बदल दिया जाए। जिससे एक रूट के टेंपो अन्य रूट पर न चल सकें। इसके साथ ही एसएसपी द्वारा तैयार किए गए प्लान में यह भी निश्चित किया गया है कि स्टैंड से सवारियां बैठाने के बाद टेंपो बीच रास्ते में कहीं नहीं रुकेंगे। बीच रास्ते में अगर टेंपो रुकते हैं और इसकी वजह से जाम लगता है तो टेंपो का चालान किया जाए। इन बिंदुओं पर ट्रैफिक पुलिस और परिवहन विभाग को टेंपो एसोसिएशन के साथ बातचीत करनी थी। हालांकि इस प्लान पर परिवहन विभाग की तरफ से टेंपो एसोसिएशन से बातचीत की गई लेकिन इसका कोई निर्णय नहीं हो सका।
इन आदेशों का नहीं हुआ पालन
0 हरे रंग वाले टेंपो शहर में चलेंगे।
0 चालक की वर्दी भूरे कलर में होगी।
0 टेंपो में निर्धारित सवारियां ही बैठाई जाएं।
0 बीच सड़क में टेंपो नहीं रोका जाएगा।
0 अतिरिक्त सीट नहीं लगाई जा सकेंगी।
0 टेंपो के दाहिने तरह लोहे की रॉड लगेंगी।
0 आठ सितंबर 2014 को देहात परमिट वाले टेंपो को शहर के बाहर रोकने का आदेश था।
ग्रामीण रूट के टेंपो के लिए बने स्टैंड
0 सहजनवां, बेलीपार से आने वाले टेंपो के लिए नौसड़ चौराहे पर।
0 देवरिया बाईपास से आने वाले टेंपो के लिए रुस्तमपुर चौराहे पर।
0 चौरीचौरा से आने वाले टेंपो के लिए इंजीनियरिंग कॉलेज के पास।
0 पिपराइच से आने वाले टेंपो के लिए पादरी बाजार चौराहे पर।
0 सोनबरसा की तरफ से आने वाले टेंपो के लिए नंदानगर चौराहे पर।
0 इंजीनियरिंग कॉलेज की तरफ से आने वाले टेंपो के लिए खजांची चौराहे पर।
0 पीपीगंज की तरफ से आने वाले टेंपो के लिए बरगदवां में।
विभाग ने तीन दिन ही चलाया अभियान
डग्गामार वाहनों पर अंकुश लगाने के लिए रोडवेज अधिकारियों की शिकायत पर परिवहन विभाग ने ट्रैफिक पुलिस के साथ रेलवे स्टेशन रोड और कचहरी बस स्टैंड पर अभियान चलाया था। तीन दिन चले अभियान में परिवहन विभाग ने लगभग 20 डग्गामार वाहन सीज किए थे। लेकिन तीन दिन अभियान चलने के बाद विभाग की तरफ से चेकिंग नहीं की गई। जिसकी वजह से डग्गामार बस मालिक फिर उसी स्थान पर बस खड़ी करने लगे, जहां उन्हें रोका गया था।
टेंपो एसोसिएशन की मांग पर उन्हें कुछ दिन की छूट दी गई थी। लेकिन वह समय सीमा समाप्त हो चुकी है। दिवाली के बाद इस आदेश का कड़ाई से पालन करवाया जाएगा। देहात से आने वाले टेंपो नगर निगम की तरफ से निर्धारित स्टैंड पर ही रुकेंगे।
- रमाकांत प्रसाद, एसपी ट्रैफिक
डग्गामार वाहनों के खिलाफ समय-समय पर अभियान चलाया जाता है। बस मालिकों को हिदायत भी दी गई है कि जहां उनको बस खड़ी करने का आदेश दिया गया है वह बस वहीं खड़ी करें। दिवाली बाद अभियान फिर चलाया जाएगा।
- राकेश सिंह, एआरटीओ प्रवर्तन