गोरखपुर। राप्ती नदी पर कटान रोकने तथा गंडक नदी पर तटबंध को सुदृढ़ीकरण करने के लिए प्रदेश सरकार ने सिंचाई विभाग को एक करोड़ दस लाख रुपये जारी किए हैं। इस धन से सिद्धार्थनगर जिले में जहां राप्ती नदी पर कटान निरोधक उपाय किए जाएंगे, वहीं कुशीनगर में गंडक नदी पर नरवाजोत तटबंध पर मरम्मत का काम कराया जाएगा।
प्रमुख अभियंता सिंचाई विभाग कार्यालय लखनऊ द्वारा जारी में विज्ञप्ति में बताया गया कि सिंचाई निर्माण खंड सिद्धार्थनगर की ओर से राप्ती नदी के बायीं तरफ बांसी पनघटिया बांध पर कटान निरोधक परियोजना पर काम कराया जाएगा। इस पर करीब 37.50 लाख रुपये खर्च होगा। इसी तरह से इसी जनपद में राप्ती नदी के बायीं तट पर स्थित भवारी गायघाट व अजगरा बांध के मध्य कटान स्थल की मरम्मत के लिए 35 लाख रुपये जारी किए गए हैं। वहीं कुशीनगर जिले में गंडक नदी पर नरवाजोत तटबंध के सुदृढ़ीकरण की परियोजना के लिए 12.50 लाख रुपये स्वीकृत हुए हैं।