गोरखपुर। गोरखनाथ क्षेत्र से बुधवार की दोपहर दुकानदार का अपहरण हो गया। खोजबीन के बाद कुछ पता न चलने पर घरवालों ने उसके परिचित युवती के भाई और दोस्त पर वारदात को अंजाम दिलाने का आरोप लगाया है। पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। युवक का लोकेशन लखनऊ में मिला है।
आनंदलोक हास्पिटल के सामने रहने वाले जवाहर मद्देशिया का 25 वर्षीय बेटा सनी गोरखनाथ मंदिर में कास्मेटिक (सौंदर्य प्रसाधन) की दुकान चलाता है। बुधवार की दोपहर उसके दुकान पर कुछ युवक आए। दो बजे छोटे भाई रितेश के दुकान पर पहुंचने के बाद सनी निकला तबसे लापता है। पूरी रात खोजबीन करने के बाद भी कुछ पता न चलने पर बृहस्पतिवार की दोपहर में जवाहर गोरखनाथ चूड़ी गली में रहने वाले आरोपी युवक के घर पहुंचे। बेटे के बारे में पूछताछ किया तो उसने जानकारी से इंकार कर दिया। मुकदमे की धमकी देने पर इनके बीच विवाद हो गया। शाम चार बजे के करीब सनी ने रितेश के मोबाइल पर फोन कर बताया कि उसका अपहरण हो गया है। पिटाई के बाद बदमाशों ने एक कमरे में बंद किया गया है। वह कहां है इसकी जानकारी नहीं है। पुलिस ने छानबीन किया तो उसका लोकेशन लखनऊ में मिला। पुलिस ने आरोपी युवक के साथ ही उसके दोस्त को हिरासत में लिया है। एसपी सिटी सत्येंद्र कुमार ने बताया कि मामले की छानबीन चल रही है। जल्द ही युवक को बरामद कर लिया जाएगा।