गोरखपुर। गुलरिहा क्षेत्र में बृहस्पतिवार की शाम सराफ पर तमंचा दिखाकर बदमाशों ने नकदी सहित पांच लाख रुपये मूल्य के जेवरात लूट लिए। वह दुकान बंद कर घर लौट रहा था। भागने से पहले बदमाशों ने सराफ का मोबाइल और बाइक की चाभी छीनकर खेत में फेंक दी। एसओ के साथ पहुंचे एसपी सिटी ने मामले की छानबीन शुरू की थी।
जंगल एकला नंबर दो के रमेश वर्मा की फुलवरिया चौराहे पर ज्वेलरी की दुकान है। बृहस्पतिवार की शाम छह बजे दुकान बंद कर वह बाइक से घर लौट रहे थे। गहनों को झोले में रखकर डिग्गी में डाल दिया था। शाम 6:30 बजे गांव से 500 मीटर पहले तीन बाइक से आए छह बदमाशों ने ओवरटेक कर रमेश को रोक लिया। तमंचा सटाने के बाद बाइक की डिग्गी खोलकर झोला निकाल लिया। जेब में रखे 35 हजार रुपये भी निकलवा लिए। वारदात के बाद बदमाश सराफ के बाइक की चाभी और मोबाइल खेत में फेंककर फुलवरिया की तरफ भाग गए। राहगीरों की मदद से पीड़ित ने सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दी। मौके पर पहुंचे एसपी सिटी सत्येंद्र कुमार, एसओ अजय ओझा को पीड़ित ने बताया कि डिग्गी में पांच लाख रुपये कीमत के सोने और चांदी के जेवरात थे। देर रात तक पुलिस घेराबंदी कर बदमाशों की तलाश करती रही लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल पाई। एसएसपी आरके भारद्वाज ने बताया कि मामले की छानबीन चल रही है। स्थानीय पुलिस के साथ ही क्राइम ब्रांच की टीम को घटना का खुलासा करने के लिए लगाया है।