गोरखपुर। गीडा (गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण) औद्योगिक क्षेत्र में बीपीसीएल (भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड) का बॉटलिंग प्लांट स्थापित होगा। बीपीसीएल ने गीडा में 30 एकड़ जमीन आवंटित करने के लिए आवेदन किया है।
पूर्वांचल में रसोई गैस की आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए गैस कंपनियां अब गोरखपुर के गीडा औद्योगिक क्षेत्र में अपना बॉटलिंग प्लांट लगा रहीं हैं। इंडियन ऑयल ने तो इसकी शुरुआत भी कर दी है। गीडा औद्योगिक क्षेत्र सेक्टर 15 में इंडियन ऑयल का बॉटलिंग प्लांट स्थापित होने जा रहा है। प्लांट के लिए 38.5 एकड़ जमीन इंडियन ऑयल को आवंटित कर दी गई है। इसके लिए इंडियन ऑयल ने करीब 41 करोड़ रुपये की रकम अदा कर दी है। जमीन आवंटन होने के साथ प्लांट लगाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इस प्लांट के स्थापित हो जाने के बाद इस क्षेत्र में रसोई गैस की आपूर्ति में सुधार की संभावना जताई जा रही है। वहीं अब बीपीसीएल ने भी गीडा औद्योगिक क्षेत्र में बॉटलिंग प्लांट लगाने का प्रयास शुरू कर दिया है। प्रबंधक संपत्ति गीडा एके सिंह ने बताया कि बीपीसीएल ने 30 एकड़ जमीन के लिए आवेदन किया है। वहीं गीडा के सीईओ ज्ञान प्रकाश त्रिपाठी ने कहा कि जमीन की उपलब्धता के आधार पर बीपीसीएल को जमीन आवंटित की जाएगी।