गोरखपुर। प्रधानमंत्री के छोटे भाई प्रह्लाद दास दामोदर मोदी खोराबार में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने बुधवार को गोरखपुर आएंगे। उनके दोस्त सेवानिवृत्त शिक्षक के दो पौत्रों की शादी का कार्यक्रम चार से आठ जून तक है। मोदी वरछा में शामिल होने के बाद बृहस्पतिवार को बनारस जाएंगे। शुक्रवार की सुबह गोरखपुर लौटने के बाद तीन दिनों तक यहां रुकेंगे। प्रधानमंत्री के भाई की सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है। अलग-अलग शिफ्ट में तीन सीओ के साथ ही दरोगा और सिपाहियों की ड्यूटी लगाई गई है।
खोराबार के डुमरी (हथिया परास) निवासी सर्वेंद्र मणि त्रिपाठी गुजरात, अहमदाबाद में शिक्षक थे। 2001 में वह रिटायर हुए हैं। चार जून को उनके छोटे पौत्र की वरक्षा छह जून को बड़े पौत्र की शादी है। समारोह में शामिल होने अहमदाबाद गुजरात से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के छोटे भाई प्रह्लाद मोदी आ रहे हैं। शादी के कार्यक्रम के अलावा वह आठ जून को आयोजित बहू भोज में भी शामिल होंगे। प्रह्लाद मोदी के गोरखपुर आने की सूचना के बाद जिला प्रशासन ने उनकी सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। सीओ गोरखनाथ, चौरीचौरा और बांसगांव के साथ दरोगा और सिपाहियों की अलग-अलग शिफ्ट में ड्यूटी लगाई गई है। एयरपोर्ट से सीधे वह हथिया परास गांव पहुंचेंगे। यहां से विजय चौराहा स्थित होटल प्रदीप में आकर रात्रि विश्राम करेंगे। पांच जून की सुबह वह वाराणसी जाएंगे। छह जून को सुबह 11 बजे दोबारा गोरखपुर आएंगे। शाम चार बजे वह सर्वेंद्र मणि त्रिपाठी के पौत्र की बारात में शामिल होने के लिए सिद्धार्थनगर जाएंगे। सात जून को सिद्धार्थनगर में धार्मिक स्थल देखेंगे। आठ को हथिया परास गांव पहुंचकर बहू भोज में शामिल होंगे। नौ जून की शाम चार वह गोरखपुर से दिल्ली होते हुए अहमदाबाद जाएंगे।
मोदी परिवार से जान-पहचान 1990 से है : सर्वेंद्र
सर्वेंद्र मणि त्रिपाठी ने बताया कि 1962 में उनकी नियुक्त गुजरात के खेड़ा जिले में शिक्षक के रूप में हुई थी। 1992 तक वहीं पर प्राथमिक विद्यालय में तैनात रहे। 1992 में उनका स्थानांतरण अहमदाबाद के कन्या विद्यालय में बतौर प्रधानाध्यापक हुआ। 2001 तक वह वहां रहे। चुनावों के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बड़े भाई सोमा दास दामोदर मोदी और प्रहलाद दास दामोदर मोदी से मित्रता हुई। तभी से संबंधों का निर्वहन कर रहे हैं।