लखनऊ/गोरखपुर । बीते सोमवार सुबह 10:35 बजे संत कबीरनगर स्टेशन के चुरेब स्टेशन पर मालगाड़ी से गोरखधाम एक्सप्रेस की टक्कर की जांच गुरुवार सुबह लखनऊ में रेल संरक्षा आयुक्त शुरू करेंगे। इस हादसे से जुड़े रेलवे कर्मचारियों, प्रत्यक्षदर्शियों और रेलवे अफसरों के बयान यहां उत्तर रेलवे के डीआरएम कार्यालय में दर्ज किये जाएंगे। उधर, हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर 29 हो गई है।
रेल संरक्षा आयुक्त पीके बाजपेयी घटनास्थल से बुधवार शाम लखनऊ वापस आ गए हैं। आयुक्त ने घटनास्थल से पटरियों, सिग्नल और प्वाइंट से जुड़े कई साक्ष्य भी जुटाए हैं। इन साक्ष्य की पड़ताल और रेलवे कंट्रोल रूम में घटना से जुड़े दस्तावेजों की जांच की जाएगी। गोरखधाम एक्सप्रेस के गार्ड और चुरेब के स्टेशन मास्टर, केबिन मैन और वहां के रेल पथ निरीक्षक से इस हादसे से जुड़ी अहम जानकारियां मिल सकती हैं।