गोरखपुर। ट्यूबवेल का मोटर जलने की वजह से विश्वविद्यालय के शिक्षक और विद्यार्थी बुधवार को पूरे दिन पानी के लिए तरस गए। करीब 12 घंटे बाद मोटर बदला जा सका। शाम को पानी की सप्लाई बहाल होने के बाद लोगों को राहत मिली।
विश्वविद्यालय परिसर, हीरापुरी कॉलोनी और हॉस्टल में पानी की आपूर्ति के लिए तीन ट्यूबवेल के अलावा एक ओवरहेड टैंक हैं। मंगलवार की रात इनमें से एक ट्यूबवेल का मोटर जल गया। इससे वाटर सप्लाई का प्रेशर काफी कम हो गया। इस वजह से हीरापुरी कॉलोनी में रहने वाले शिक्षकों को पानी का संकट झेलना पड़ा। ग्राउंड फ्लोर के मकानों में तो सप्लाई हुई मगर फर्स्ट फ्लोर में रहने वाले लोगों को काफी दिक्कत हुई। हॉस्टल में रहने वाले छात्रों को भी ऐसे ही हालात से जूझना पड़ा। कॉलोनी के लोगों का कहना है कि सामान्य तौर पर ट्यूबवेल के मोटर की लाइफ ढाई साल होती है, लेकिन तीन साल हो जाने के बाद भी इसे बदला नहीं गया। इतना ही नहीं इनका समय से रख-रखाव भी नहीं होता है। कुछ दिन पहले भी मोटर जलने की वजह से दिक्कत हुई थी।