गोरखपुर। स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में ओरिएंटल बैंक ऑफ कॉमर्स इस वर्ष अपने साथ एक लाख ग्राहकों को जोड़ना चाहता है। इस उद्देश्य से बैंक के कर्मचारियों और अधिकारियों ने रोड शो किया। बैंक का कारोबार बढ़ाने के लिए प्रबंधन ने शहर में दो नई शाखाएं शुरू करने का भी निर्णय लिया है।
बैंक का स्थापना दिवस 19 फरवरी को है। नए ग्राहक बनाने के लिए रविवार को बैंक रोड स्थित मुख्य शाखा से रोड शो का आयोजन किया गया। जो अग्रसेन चौराहा, गांधी गली, गोलघर, खोआ मंडी, विजय चौक, सिनेमा रोड होते हुए मुख्य शाखा लौटकर समाप्त हुआ। वाराणसी मंडल के प्रबंधक सुशील श्रीवास्तव ने बताया कि स्थापना दिवस के मौके पर देश में एक लाख ग्राहकों को जोड़ने की योजना है। बैंक की शाखाओं का विस्तार की योजना के क्रम में गोरखपुर में उर्दू बाजार और गोलघर से मोहद्दीपुर के बीच किसी स्थान पर शाखा स्थापित की जाएंगी। दो और एटीएम भी शुरू किए जाएंगे। शाखा प्रबंधक डीडी पंत, सहायक महाप्रबंधक एके मिश्रा, एके पांडेय आदि मौजूद रहे।