गोरखपुर। बुढ़वा मंगल को गोरखनाथ मंदिर में खिचड़ी चढ़ाने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही मंदिर पहुंचे भक्तों ने गुरु गोरक्षनाथ को खिचड़ी चढ़ाकर मंगल की कामना की। भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मंदिर और जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा।
तड़के तीन बजे श्रीनाथ जी की पूजा और आरती के बाद श्रद्धालुओं ने लोक कल्याण एवं सुख समृद्धि की कामना को लेकर शिवावतार बाबा गोरखनाथ को खिचड़ी चढ़ाई। हालांकि ठंड अधिक होने की असर थोड़ा जरूर दिखा लेकिन दोपहर तक देहात से आए श्रद्घालुओं की भीड़ मंदिर में जमा हो गई। खिचड़ी चढ़ाने के बाद श्रद्घालुओं ने मेले का लुत्फ उठाया। देर शाम तक यह सिलसिला चलता रहा। हर साल की अपेक्षा इस बार भीड़ कम होने प्रशासन के लिए राहत भरा रहा। उधर इस अवसर को देखते हुए मंदिर परिसर में पीएसी के जवान सोमवार को ही पहुंच गए थे। एसपी सिटी परेश पांडेय, सीओ गोरखनाथ रितेश सोनकर दिन भर मंदिर और मेला परिसर की निगरानी में लगे रहे। इसके अलावा भाजपा, हिंदू युवा वाहिनी, गोरक्षनाथ पूर्वांचल विकास मंच, विश्व हिंदू महासंघ के साथ एनसीसी और एनएसएस के कार्यकर्ता भी श्रद्घालुओं की देखरेख मेें जुटे रहे। दोपहर में अधिकारियों के साथ ही स्वयंसेवकों ने मंदिर में खिचड़ी खाई।