गोरखपुर। इलाहाबाद के लिए वॉल्वो सेवा शुरू होने में गोरखपुर से बड़हलगंज तक की खराब सड़क आड़े आ रही है। परिवहन निगम मुख्यालय ने 30 बसों का टेंडर किया है जिसमें गोरखपुर रीजन को दो से तीन वॉल्वो मिलने की उम्मीद है। इससे पूर्व क्षेत्रीय प्रबंधक कार्यालय से गोरखपुर से इलाहाबाद रूट पर दो वॉल्वो चलाने का प्रस्ताव मुख्यालय भेजा गया था लेकिन सड़क खराब होने के कारण यह योजना लटकती दिख रही है।
प्रदेश में वर्तमान समय में लगभग 30 वॉल्वो चल रहीं हैं। लखनऊ से गोरखपुर वर्तमान समय में पांच वॉल्वो सेवा चल रही है। जिसमें गोरखपुर से तकरीबन 200 यात्री रोज लखनऊ तक का सफर वॉल्वो से कर रहे हैं। वहीं पिछले दिनों चार महीने के लिए वॉल्वो सेवा में छूट की योजना का भी लोग फायदा ले रहे है। जिसे देखते हुए इलाहाबाद रूट पर वॉल्वो सेवा शुरू होने की पूरी संभावना जताई जा रही है। परिवहन निगम ने 30 और वॉल्वो का टेंडर किया है। रोडवेज अधिकारियों का मानना है कि दो से तीन वॉल्वो इस बार गोरखपुर रीजन को मिलेंगी। इनमें दो बसें इलाहाबाद रूट पर चलाने का प्लान भी तैयार कर लिया गया है। लेकिन अधिकारी परेशान है कि गोरखपुर से बड़हलगंज तक सड़कों पर बड़े गड्ढों की वजह से इस रूट पर वॉल्वो चलाना मुश्किल है। परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक अतुल जैन ने बताया कि गोरखपुर से बड़हलगंज तक सड़क खराब होने की जानकारी मुख्यालय को दे दी गई है। मुख्यालय ने इस संबंध में एनएचआई के अधिकारियों से वार्ता भी की है। एनएचआई ने परिवहन निगम को आश्वासन दिया है कि जल्द ही सड़क ठीक करा ली जाएगी।
मुख्यालय से 30 बसों का टेंडर जारी हुआ है। गोरखपुर से इलाहाबाद रूट पर वॉल्वो सेवा शुरू करने का प्रस्ताव भेजा गया था। उम्मीद है कि वर्ष 2014 में इस रूट पर सेवा शुरू हो जाए। हालांकि सड़कें खराब होने के कारण वॉल्वो सेवा शुरू करने को लेकर संशय बना हुआ है।
अतुल जैन, क्षेत्रीय प्रबंधक
सड़कें बन गई है मुसीबत
वॉल्वो सेवा शुरू होने से कम समय में वाराणसी और इलाहाबाद का सफर पूरा हो सकेगा। लेकिन टूटी हुई सड़कें मुसीबत बन गई है। आंदोलन के बाद भी सड़कों की मरम्मत नहीं हो रही है।
अशोक, व्यापार मंडल के अध्यक्ष
आए दिन होते हैं हादसे
गोरखपुर से बड़हलगंज तक यात्रा जान जोखिम में डालकर करनी पड़ती है। आए दिन सड़कों पर हादसे होते रहते है। ऐसे में इस रूट पर वॉल्वो सेवा का शुरू होना मुश्किल ही लगता है।
दिनेश त्रिपाठी, प्रधानाचार्य आदर्श इंटर कॉलेज
क्षेत्र का विकास रुका है
वाराणसी और इलाहाबाद जाने के लिए एक मात्र सड़क मार्ग है। वॉल्वो का चलना अच्छी बात है लेकिन सड़कों के खराब होने के कारण इस क्षेत्र का विकास अवरुद्ध सा हो गया है।
डॉ. शिवदत्त तिवारी, पूर्व प्राचार्य बड़हलगंज डिग्री कॉलेज
मांग तो काफी दिनों से है
वॉल्वो सेवा की मांग काफी दिनों से की जा रही थी। लेकिन सड़के खराब होने के कारण परिवहन निगम इस रूट पर यह सेवा शुरू करने से कतरा रहा था। काश की यह सेवा शुरू हो।
राजेश सिंह, समाजसेवी