गोरखपुर। आईसीएफ चेन्नई की टीम ने पूर्वोत्तर रेलवे गोरखपुर को रोमांचक मुकाबले में 3-1 से शिकस्त देकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। वहीं दूसरे क्वार्टर फाइनल में मुंबई ने जबलपुर को 3-0 से शिकस्त दी। सैयद मोदी रेलवे स्टेडियम गोरखपुर में 59वीं अखिल भारतीय रेलवे पुरुष वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है।
मंगलवार को हुए वॉलीबॉल प्रतियोगिता का पहला क्वार्टर फाइनल मैच आईसीएफ चेन्नई और पूर्वोत्तर रेलवे गोरखपुर के बीच खेला गया। दोनों टीमों के बीच कांटे का मुकाबला देखने को मिला। चार सेटों तक चले मुकाबले में चेन्नई की टीम ने गोरखपुर को 30-28, 22-25, 25-19 तथा 25-22 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। चेन्नई की टीम के लिए प्रभाकरन, दिलीप और बाल गणेश शानदार प्रदर्शन किया। गोरखपुर के लिए सौरभ, विनोद और संदीप का भी शानदार बेहतर रहा। दूसरे क्वार्टर फाइनल मैच में वेस्टर्न रेलवे मुंबई ने डब्ल्यूसीआर जबलपुर को एकतरफा मुकाबले 25-20, 25-23 तथा 26-24 से शिकस्त देकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। तीसरा क्वार्टर फाइनल बेहद रोमांचकारी रहा। पांच सेटों तक चले मुकाबले में सदन रेलवे चेन्नई ने एनएफआर रेलवे गुवाहाटी को 25-17, 22-25, 25-20, 20-25 तथा 19-15 से हराकर सेमीफाइनल का टिकट पक्का कर लिया। मंगलवार को हुए अंतिम क्वार्टर फाइनल मैच में नार्दर्न रेलवे नई दिल्ली ने डीएलडब्लू वाराणसी को 30-28, 23-25, 18-25, 27-25 तथा 19-5 ने जीत लिया। इससे पूर्व क्वार्टर फाइनल मैच के मुख्य अतिथि वरिष्ठ उप महाप्रबंधक पीएन राय ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। इस अवसर पर रेलवे क्रीड़ा अधिकारी अर्जुन पुरस्कार विजेता प्रेम माया, शाहबुद्दीन, सुधीर सिंह, संकटा सिंह, विशाल आदि मौजूद थे।