गोरखपुर। मॉडल शॉप पर पहुंचे दो युवकों ने मामूली कहासुनी में मुनीम पर फायरिंग कर दी। गनीमत थी कि वह बाल बाल बच गए। घटना तारामंडल इलाके में शुक्रवार की शाम हुई। पुलिस छानबीन में जुटी है।
देवरिया बाईपास पर बुद्ध नगर में वरदायिनी अस्पताल के सामने मॉडल शाप है। शुक्रवार की दोपहर 12 बजे दो युवक बाइक से पहुंचे और शाम 6:30 बजे तक बैठकर शराब पी। युवकों ने मॉडल शॉप के कर्मचारी से सिगरेट मंगाई। शराब का बिल देकर युवक जाने लगे तो कर्मचारी ने सिगरेट के बकाया 18 रुपये मांगे। इस बात पर युवकों का कर्मचारी से विवाद हो गया। शोर सुनकर मुनीम जुगल किशोर यादव पहुंचे तो युवक उनसे भी उलझ गए। धमकी देकर दोनों युवक वहां से चले गए। आधे घंटे बाद दोनों दोबारा आए और मुनीम को बुलाकर झगड़ा करने लगे। इसी बीच एक युवक ने तमंचा निकाल लिया और मुनीम के पैर की तरफ निशाना साधकर गोली चला दी। हालांकि गनीमत थी वह बाल बाल बच गए और अंदर भाग गए। इस बीच मौका पाकर दोनों युवक अपनी बाइक लेकर भाग गए। गोली चलने की सूचना पर एसपी सिटी परेश पांडेय संचालक से पूछताछ की। पुलिस ने मॉडल शाप में बैठे कुछ संदिग्ध लोगों को हिरासत में ले लिया और थाने आ गई। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है। थानाध्यक्ष कैंट भावनाथ चौधरी ने बताया कि गोली चलने की अभी पुष्टि नहीं हुई। युवकों की तलाश की जा रही है।