गोरखपुर। चेन स्नेचिंग की कई घटनाओं को अंजाम देने वाला गिरोह कोतवाली पुलिस के शिकंजे में आ गया है। पुलिस ने पांच युवकों को हिरासत में लिया है। बताते हैं कि इस गिरोह ने चेन लूट की छह घटनाओं को अंजाम दिया है। लूट का सोना खरीदने वाले सुनार पर भी पुलिस की नजर है। पुलिस उसे भी गिरफ्तार कर सकती है। आरोपियों से पूछताछ कर रही पुलिस और घटनाओं में उनकी मौजूदगी तलाश रही है।
कोतवाली पुलिस ने शुक्रवार की शाम कन्हैया नाम के युवक को हिरासत में चेन स्नेचिंग के मामले में हिरासत में ले लिया। पता चला कि उसके खिलाफ गुजरात के अहमदाबाद में लूट का मुकदमा दर्ज है। वहां पकड़े गए बदमाश के साथी ने इसका नाम लिया है। पुलिस मुकदमा दर्ज कर इसे तलाश रही है। इस युवक के हिरासत में आने के बाद पुलिस ने इसके बताने पर बाकी के चार अन्य साथियों को भी हिरासत में ले लिया। पूछताछ में पता चला कि इस गैंग ने चेन लूट की कई घटनाओं को अंजाम दिया है। फिलहाल छह घटनाओं को इन बदमाशों ने कबूला है। लूट की घटनाओं को अंजाम देने के बाद बदमाशों ने सोना घंटाघर के एक व्यापारी को बेचा था। पुलिस उस सुनार पर भी नजर रख रही है। उम्मीद है कि पुलिस उस भी जल्द ही गिरफ्तार कर सकती है। पुलिस लूटे गए माल की बरामदगी करने के प्रयास में है। इस संबंध मे कोतवाली प्रभारी ने बताया कि चेन स्नेचिंग के मामले में कुछ लोगों की तलाश है। उनकी गिरफ्तारी होते ही चेन लूट की कुछ घटनाओं का पर्दाफाश हो सकता है।