गोरखपुर। किराना की दुकान पर चढ़े बदमाशों ने गल्ले में रखा 40 हजार रुपये लूट लिया। शाहपुर के पत्रकारपुर में वारदात को अंजाम देकर भाग रहे बदमाशों ने हवाई फायरिंग भी की। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस जांच पड़ताल में जुट गई।
शाहपुर, पत्रकारपुरम में चेतना मोड़ पर राम हृदय प्रजापति का मकान है। उन्होंने घर में ही श्री प्रजापति किराना स्टोर नाम से दुकान खोला है। रविवार की शाम राम हृदय और उनके बेटे नगेंद्र दुकान पर बैठे थे। आरोप है कि करीब सवा छह बजे 10-12 की संख्या में युवक उनकी दुकान पर चढ़ और अंदर घुसकर हमला बोल दिया। युवकों ने गल्ले में रखा करीब 40 हजार रुपये कैश लूट लिया और भागने लगे। दुकान पर खड़े कुछ ग्राहकों और दुकानदारों ने शोर मचाते हुए उनका पीछा किया तो बदमाशों ने हवाई फायरिंग कर दी। गोली चलते ही इलाके में अफरातफरी मच गई। इसके बाद सभी बदमाश वहां से फरार हो गए। घटना के बाद दुकानदार ने घटना की सूचना पुलिस को दी। लूट और गोली चलने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन कोई बदमाश हाथ नहीं आया। इसके बाद एसओ शाहपुर ने भी मौका मुआयना किया। पुलिस की पूछताछ में लोगों ने घटना के बारे में बताने में आनाकानी की। पुलिस घटना को संदिग्ध मानकर जांच पड़ताल कर रही है।