गोरखपुर। स्वर्ण व्यापारी बाल कृष्ण सर्राफ से हुई लूट के 48 घंटे बाद आईजी बृजभूषण शर्मा ने भी व्यापारी से बातचीत कर घटना के संबंध में पूछताछ की। इसके पहले पुलिस ने व्यापारी के सभी प्रतिष्ठानों और घर से जुड़े कर्मचारियों के बारे में जानकारी जुटाई। पुलिस ड्राइवर का इतिहास जानने के साथ साथ उसके फोन काल और नंबरों की भी पड़ताल कर रही है। इधर अतुल कृष्ण ने कहा कि पुलिस जैसे चाहे जांच करे पर लुटेरों को गिरफ्तार कर घटना का पर्दाफाश करे। उधर, पुलिस सूत्रों का कहना है कि हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ के बाद कुछ महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं। उम्मीद है कि पुलिस जल्द ही घटना का खुलासा कर सकती है।
बृहस्पतिवार की रात करीब साढ़े दस बजे गांधी गली मोड़ पर बाइक सवार बदमाशों ने हरि प्रसाद गोपी कृष्ण सर्राफ के मालिक बाल कृष्ण सर्राफ की गाड़ी रुकवा ली थी। चार बदमाशों ने ड्राइवर और बदमाशों को तमंचा दिखाकर एक लाख रुपये लूट लिया था। घटना के बाद पुलिस कई बदमाशों को बारी बारी हिरासत में ले लिया लेकिन अभी तक मामले में कुछ खास हासिल नहीं हुआ।
शनिवार को आईजी बृजभूषण शर्मा ने पीड़ित व्यापारी बाल कृष्ण सर्राफ से बातचीत की। उन्होंने घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी ली। आईजी ने व्यापारी का आश्वासन दिया कि पुलिस टीम लगी है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा। उधर पुलिस ने व्यापारी से जुड़े सभी कर्मचारियों के बारे में जानकारी जुटाई। हर कर्मचारी के नाम पता की जानकारी करने के साथ साथ पुलिस ने उसके इतिहास की भी जानकारी ली। पुलिस कई कर्मचारियों के मोबाइल नंबर से काल डिटेल भी निकलवाने की तैयारी में है। पुलिस ड्राइवर से कुछ विशेष पूछताछ कर रही है। पता चला कि घटना के समय ड्राइवर का मोबाइल नंबर ऑन था और उस पर फोन भी आया था। परिवार की एक सदस्य ने फोन कर पिता जी को घर छोड़ने के बाद उसे बलदेव प्लाजा पर बुलाया था।
अतुल कृष्ण ने बताया हम पुलिस की जांच में पूरा सहयोग कर रहे हैं। पुलिस जैसे चाहे जिससे चाहे जांच करे। नंबर सर्विलांस पर लगाए या काल डिटेल निकलवाए हमें कोई आपत्ति नहीं है। हम जांच में हर स्तर से सहयोग कर रहे हैं। बस आरोपियों की गिरफ्तारी करके पुलिस घटना का पर्दाफाश करे।
उधर, पुलिस सूत्रों से पता चला कि हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ के बाद पुलिस के हाथ कुछ महत्वपूर्ण सुराग लगे हैं। राजघाट इलाके में गत महीनों लूट की कई घटनाओं को अंजाम देने वाले गैंग पर पुलिस को शक है। आशंका है कि जेल के बाहर चल रहा है लूट का सरगना और उसका एक साथी खुलेआम घूम रहे हैं। पूछताछ में बदमाशों को उनका नाम प्रकाश में आया है। उम्मीद है कि पुलिस जल्द ही घटना का खुलासा कर देगी।