गोरखपुर। अब रेलवे स्टेशन पर मोबाइल रीचार्ज कूपन मिल सकेगा क्योंकि रेलवे बोर्ड ने मिसलेनियस आर्टिकल स्टॉल/ ट्रॉली पॉलिसी में बदलाव कर दिया है। रेलवे बोर्ड ने इसके तहत क्यूअरियो स्टॉल, ट्वॉय स्टॉल और मल्टीपरपज स्टॉल पर मोबाइल रीचार्ज कूपन बेचने की मंजूरी दे दी है। हालांकि रेलवे स्टेशन स्थित टेलीफोन बूथ पर पहले से ही रीचार्ज कूपन रखने का प्रावधान है। लेकिन गोरखपुर समेत अन्य कई स्टेशनों पर बनाए गए टेलीफोन बूथ के बंद हो जाने की वजह से यात्रियों को रीचार्ज कूपन नहीं मिल पा रहा है।
रेल यात्रा के दौरान अक्सर मोबाइल रीचार्ज खत्म हो जाने के कारण यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। किसी परिचित के माध्यम से मोबाइल रीचार्ज कराना उनकी मजबूरी होती थी। रेलवे बोर्ड ने यात्रियों की इस परेशानी को दूर कर दिया है। अब रेलवे स्टेेशन पर लगभग हर प्लेटफॉर्म पर उन्हें रीचार्ज कूपन मिल जाएगा। रेलवे बोर्ड ने खिलौना, ताला-चाभी, जंजीर आदि बेचने वालों को भी मोबाइल रीचार्ज बेचने की छूट दे दी है। इस संबंध में टूरिज्म एंड कैटरिंग रेलवे बोर्ड के निदेशक विवेक कुमार श्रीवास्तव ने भारतीय रेल के सभी जीएम को पत्र भेज दिया है। पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी रामानुज यादव ने बताया कि गोरखपुर स्टेशन के लगभग सभी टेलीफोन बूथ बंद होने से यात्रियों को रीचार्ज कूपन मिल पाना संभव नहीं हो पा रहा है। हालांकि पूर्वोत्तर रेलवे के पीआरओ अमित सिंह ने बताया कि अभी इस तरह के पत्र की जानकारी नहीं है। साथ ही उन्होंने बताया कि पूर्व की व्यवस्था के अनुसार रेलवे बोर्ड ने केवल प्लेटफॉर्म पर स्थित टेलीफोन बूथ पर रेलवे रीचार्ज कूपन बेचने की अनुमति दे रखी है।