गोरखपुर। मोहद्दीपुर में शुक्रवार को बिजली चोरी रोको अभियान में डॉक्टर, इंजीनियर और दरोगा भी चोरी की बिजली जलाते मिले। हालांकि इनमें छह लोगों ने शमन शुल्क जमा करके मामला खत्म करा दिया। एक जगह मीटर बाईपास करके की जा रही बिजली चोरी पकड़ में आई तो सात लोगों के यहां मीटर में प्रतिरोध पकड़े गए।
तीन दिन से हंगामेदार हो रही चेकिंग शुक्रवार को शांतिपूर्ण दिखी। अभियान में रोज के मुकाबले दो टीमें कम थीं। शहर के छह एसडीओ के नेतृत्व में 25 जेई और इतने ही जेएमटी चेकिंग कर रहे थे। लेकिन शुक्रवार को चेकिंग के लिए सिर्फ चार टीमें ही लगाई गई थीं। मोहद्दीपुर में सुंदरम मैरिज हॉल के आसपास की गई चेकिंग में एक दरोगा के घर में मीटर बाईपास करके की जा रही बिजली चोरी पकड़ी गई। एक डॉक्टर और इंजीनियर के मीटर में शंट पकड़ा गया। 166 कनेक्शन की जांच के दौरान बिजली चोरी के कुल आठ मामले पकड़े गए। छह ने शमन जमा कर दिया। इसके एवज में 48 हजार रुपये की वसूली हुई। विभाग की ओर से 83 उपभोक्ताओं का मीटर बदला गया। 35 कनेक्शन में 56 किलोवाट की भार वृद्धि की गई।
00
सुलझी दिक्कत दर्ज हुआ डाटा
अभियान के दौरान एसडीओ प्रमोद जायसवाल की टीम को दो ऐसे उपभोक्ता मिले जो बिल जमा करना चाह रहे थे लेकिन उन्हें आईडी में गलती की वजह से बिल जमा नहीं हो पा रहा था। उपभोक्ताओं ने टीम को बताया कि इसके लिए वह कई बार विभाग के चक्कर भी लगा चुके हैं। जांच में इन उपभोक्ताओं की आईडी चूकवश गलत दर्ज की गई मिली। इस पर जेई प्रदीप दुबे एवं अनूप यादव ने मौके पर ही उपभोक्ता का डाटा दुरुस्त कराकर उनका बिल बनवाया। दोनों उपभोक्ता बिल जानकर अभियान को सराहते दिखे।
00
विभाग की कार्रवाई से हो रही सरकार की बदनामी
सपा के पूर्व महानगर सचिव शमशाद हुसैन ‘पप्पू’ ने इस्माइलपुर वार्ड में शुक्रवार को लोगों के साथ बैठक करके बिजली चेकिंग अभियान में उपभोक्ताओं के उत्पीड़न को लेकर नाराजगी जताई। कहा कि, चेकिंग के नाम पर विभाग उपभोक्ताओं के साथ ज्यादती कर रहा है। इससे सपा सरकार की बदनामी हो रही है। यदि बेवजह की वसूली और उत्पीड़न से बिजली विभाग बाज नहीं आया तो पार्टी कार्यकर्ता सीधे तौर पर विभाग से निपटेंगे। उन्होंने पार्टी की छवि खराब करने में जुटे कुछ बिजली अधिकारियों की शिकायत सीएम से करने की बात कही।
00
राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद ने जताया विरोध
राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद की जिला ईकाई के अध्यक्ष रूपेश कुमार श्रीवास्तव ने पदाधिकारियों एवं सदस्यों के साथ बैठक में बिजली चोरी रोको अभियान को लेकर नाराजगी जताई। कहा कि इसमें सेवानिवृत्त कर्मचारियों का उत्पीड़न हो रहा है। बड़े फर्मों के खिलाफ कार्रवाई नहीं करके विभाग आम उपभोक्ताओं को परेशान कर रहा है। कहा कि यदि मीटर खराब है तो उसे बदला जाए, लोड वृद्धि पर साधारण चार्ज लिया जाए। लेकिन इसे लेकर उपभोक्ताओं का उत्पीड़न किया जा रहा है।