कांग्रेस पार्टी राष्ट्रव्यापी प्रदर्शन करेगी
गोरखपुर। कांग्रेस पूर्वांचल में अपनी खोई राजनीतिक जमीन की तलाश में जुट गई है। इसी क्रम में पार्टी की महासचिव प्रियंका गांधी ने बुधवार की देररात लखनऊ में पार्टी पदाधिकारियों के साथ मैराथन बैठक की। इस दौरान महासचिव ने जिले के पदाधिकारियों में भी जोश भरा, भरोसा दिलाया कि लोकसभा चुनाव में पार्टी फ्रंट फुट पर चुनाव लड़ेगी। पैराशूट उम्मीदवारों की बजाए पार्टी से जुड़े निष्ठावान पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को तवज्जो दी जाएगी।
महासचिव ने कहा कि पार्टी की जड़े लोगों के मन में गहरी बैठी हुई हैं, लेकिन संगठन के जमीनी स्तर पर कमजोर होने से पार्टी की स्थिति थोड़ी कमजोर हुई है। इसलिए सभी पदाधिकारियों को क्षेत्र में फिर से पार्टी की नीतियों को पहुंचानी होगी। सभी पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को 2022 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखकर भी तैयारी करनी होगी। पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. सैयद जमाल ने बताया कि महासचिव ने हिदायत देते हुए यह भी कहा कि 2019 के लोकसभा चुनाव में पार्टी का प्रदर्शन के आधार पर ही क्षेत्र के पार्टी पदाधिकारियों का भविष्य तय होगा।
इस मौके पर कार्यवाहक जिलाध्यक्ष राकेश यादव, महानगर अध्यक्ष अरुण अग्रहरि, वरिष्ठ नेता और पूर्व मेयर पवन बथवाल, पूर्व सांसद हरिकेश बहादुर, पूर्व एमएलए माधव पासवान, रामकृष्ण द्विवेदी, लालचंद निषाद, पूर्व एमएलसी केपी सिंह, यूपीसीसी सचिव संजीव सिंह, द्विजेंद्र त्रिपाठी, सिद्धार्थप्रिय श्रीवास्तव, प्रदीप कुमार पांडेय, प्रमोद नायक, रत्नेश ठाकुर आदि कांग्रेसजन मौजूद रहे।
गोरखपुर से चुनाव लड़ने का निवेदन हंसकर टाल गईं
बैठक के दौरान जिला महासचिव अनवर हुसैन ने प्रियंका गांधी से गोरखपुर सदर लोकसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने का निवेदन किया तो वह हंसकर टाल गईं। हालांकि इस दौरान सभी पदाधिकारियों ने इस निवेदन का पुरजोर समर्थन किया।