युवाओं को रोजगार मेले में मिलेगा रोजगार।
गोरखपुर। विश्वविद्यालय के दीक्षा भवन में 14 जनवरी को वृहद रोजगार मेले का आयोजन प्रदेश सरकार की ओर से किया जाएगा। मेले में 10 हजार युवाओं को सेल्स एक्जीक्यूटिव, एरिया मैनेजर, सिक्योरिटी गार्ड, वेल्डर, फिटर, टर्नर, इलेक्ट्रिशियन, कंप्यूटर ऑपरेटर तथा अन्य टेक्निकल और नॉन टेक्निकल पदों पर नौकरी के अवसर मुहैया कराए जाएंगे। रोजगार मेला कीजिम्मेदारी क्षेत्रीय सेवा योजन कार्यालय, आईटीआई और कौशल विकास प्रशिक्षण केंद्र को सौंपी गई है।
सहायक निदेशक सेवायोजन अखंड प्रताप सिंह ने बताया कि एक दिवसीय मेला का शुभारंभ सुबह नौ बजे से होगा। मेले में हिस्सा लेने के इच्छुक अभ्यर्थी क्षेत्रीय सेवा योजन कार्यालय के साथ-साथ आईटीआई चरगांवा में गुरुवार से ऑफलाइन पंजीकरण करा सकते हैं। वहीं आईटीआई चरगावां में आयोजित प्रेसवार्ता में आईटीआई जेडी राजेश राम ने बताया कि आईटीआई चरगांवा में आईटीआई प्रशिक्षु ही पंजीकरण करा सकते हैं। पांच हजार पदों पर रिक्तियां महज आईटीआई प्रशिक्षुओं के लिए हैं।