स्टांप एवं न्यायालय शुल्क पंजीयन और नागरिक उड्डयन मंत्री नंदगोपाल गुप्ता नंदी ने कहा कि व्यापारियों का उत्पीड़न किसी हाल में नहीं होगा। अब इंस्पेक्टर राज नहीं है। छापेमारी भी नहीं की जाएगी। जीएसटी लागू होने के बाद व्यापारी ईमानदारी से कर दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा ही व्यापारियों की हितैषी है। व्यापारी भी इसे अपनी पार्टी मानते हैं।
भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ की ओर से शक्रवार को शिप्रा लॉन में गोरखपुर, बस्ती और आजमगढ़ मंडल के 10 जिलों के क्षेत्रीय व्यापारी बाजार संयोजक सम्मेलन का आयोजन किया गया। उद्घाटन मंत्री नंदगोपाल गुप्ता नंदी, खाद्य सुरक्षा औषधि प्रशासन मंत्री अतुल गर्ग, प्रदेश संयोजक विनीत अग्रवाल शारदा और क्षेत्रीय अध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह ने किया। मंत्री नंदगोपाल ने कहा कि व्यापारियों की हर समस्या का समाधान करने की कोशिश होगी। उनकी दिक्कतों के हिसाब से ही जीएसटी में बदलाव किए जा रहे हैं। मंत्री अतुल गर्ग ने कहा कि टैक्स, पंजीकरण की ऑनलाइन प्रक्रिया से व्यवस्था सुधरी है।
अब व्यापारियों का शोषण संभव नहीं है। प्रदेश संयोजक ने कहा कि बसपा राज में यूपी से 5828 और सपा सरकार में 17 हजार 823 उद्यमियों ने पलायन किया था। भाजपा सरकार में ऐसा नहीं है। योगी सरकार ने इनवेस्टर्स मीट का सफल आयोजन किया। चार लाख 28 हजार करोड़ रुपये निवेश के प्रस्ताव भी मिले हैं। मुद्रा बैंक के जरिए देश में 14.50 करोड़ और यूपी में 3.50 करोड़ रुपये ब्याजमुक्त ऋण के तौर पर दिए गए हैं। लघु उद्यमियों को 59 मिनट में ऋण मिल जाता है।
कहा कि नोटबंदी और जीएसटी का सबसे बड़ा फायदा ईमानदार व्यापारियों को मिला है। अब छोटे बाजार के व्यापारियों को भाजपा से जोड़ने की मुहिम शुरू हुई है। इसी क्रम में हर क्षेत्र के सम्मेलन कराए जा रहे हैं। शनिवार को अयोध्या और रविवार को अलीगढ़ में भी व्यापारी सम्मेलन होगा। इस मौके पर प्रदेश सह संयोजक मनीष कुमार, क्षेत्रीय संयोजक डॉ. अजय अग्रवाल, अजय गौतम, संतोष गोयल और राजेश जायसवाल मौजूद रहे।
फरवरी में व्यापार प्रकोष्ठ की रैली
भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ की रैली फरवरी 2019 में लखनऊ में होगी। उसमें गोरखपुर क्षेत्र के 10 जिलों से करीब 20 हजार व्यापारी हिस्सा लेंगे। भाजपा के राष्ट्रीय और प्रदेश स्तरीय नेता रैली को संबोधित करेंगे।
नसीरुद्दीन शाह को पाकिस्तान चले जाने की नसीहत
व्यापारी सम्मेलन के दौरान फिल्म अभिनेता नसीरुद्दीन शाह को भी निशाने पर लिया गया। प्रदेश संयोजक विनीत अग्रवाल शारदा ने कहा कि जिस देश में नसीरुद्दीन को सम्मान मिला है, उन्हें वहीं डर लग रहा है। कुछ वक्ताओं ने नसीरुद्दीन शाह को पाकिस्तान चले जाने की नसीहत दी।
भाजपा नेता बोले, मोदी राम जैसे तो योगी लक्ष्मण
सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को राम जैसा बताया गया तो मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को लक्ष्मण। प्रदेश संयोजक ने कहा कि मोदी-योगी के रहते व्यापारी परेशान नहीं होंगे। हर समस्या का समाधान होगा। जीएसटी में अब तक 360 तरह के बदलाव किए गए हैं। जनवरी में भी जीएसटी काउंसिल की बैठक होगी। इससे भी राहत मिलने के आसार हैं।