गोरखपुर। गोरखनाथ मंदिर के भीम सरोवर पर मंगलवार की शाम शहीदों के सम्मान में दीपदान का आयोजन हुआ। मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘एक दीया शहीदों के नाम’ जलाया तो देखते ही देखते 11 हजार दीयों से भीम सरोवर जगमगा उठा।
भोजपुरी एसोसिएशन ऑफ इंडिया के आह्वान पर आयोजित ‘एक दीया शहीदों के नाम’ कार्यक्रम में शिरकत करने के लिए गोरखनाथ मंदिर में भारी संख्या में लोग जुटे। भीम सरोवर के चारों ओर दीपदान किया गया। इस मौके पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि असत्य पर सत्य की जीत के प्रतीक दीपोत्सव के दौरान भारत के वीर सपूतों को याद करना सराहनीय पहल है। ‘एक दीया शहीदों के नाम’ कार्यक्रम स्वागतयोग्य है। उन्होंने आयोजकों को इस आयोजन के लिए धन्यवाद दिया और कहा कि दीपदान केवल धार्मिक आयोजन नहीं है बल्कि यह हम सबको अपनी सांस्कृतिक विरासत को मंच देने और उसे देश-दुनिया के आगे पेश करने का मौका भी देता है। कार्यक्रम का आयोजन भोजपुरी एसोसिएशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष राकेश श्रीवास्तव के नेतृत्व में किया गया।
5100 दीयों से हुई राप्ती आरती
गोरखपुर। राप्ती संस्कृति संरक्षण न्यास की ओर से राप्ती तट पर आरती का आयोजन किया गया। मंगलवार की शाम संयोजक सोमेश्वर पांडेय के नेतृत्व में नदी के दोनों किनारों पर जुटे लोगों ने 5100 दीयों से राप्ती की आरती की। हर व्यक्ति ने नदी के संरक्षण के लिए 11 रुपये चंदा भी दिया। दो वर्ष पूर्व इस आरती की शुरुआत वर्तमान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं सांसद शरद त्रिपाठी ने की थी।