गोरखपुर।
सदर तहसील में राप्ती नदी पर 35.26 करोड़ की लागत से बनने वाले चंदा घाट पुल और तरकुलानी में 40.60 करोड़ की लागत से बनने वाले पंप हाउस का सीएम योगी आदित्यनाथ 16 अक्टूबर को शिलान्यास करेंगे। डीएम राजीव रौतेला ने शिलान्यास कार्यक्रम स्थल का बुधवार को निरीक्षण किया। डीएम ने बताया कि चंदाघाट पुल से गोरखपुर-वाराणसी मुख्य मार्ग की दूरी सिर्फ पांच किलोमीटर तथा गोरखपुर-देवरिया मार्ग की दूरी 10 किलोमीटर ही जाएगी। इससे क्षेत्र के हजारों लोगों को राहत मिलेगी।
उन्होंने बताया कि 360 मीटर का यह पुल दो साल में तैयार हो जाएगा। इसका निर्माण राज्य सेतु निगम करेगा। इसी तरह तरकुलानी रेग्युलेटर के पास पंप हाउस बनने से बरसात के मौसम में कई क्षेत्रों में होने वाले जलभराव से मुक्ति मिलेगी। निरीक्षण के दौरान विधायक विपिन सिंह, एसएसपी सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज, एडीएम बलराम सिंह, एसडीएम सदर राहुल पांडेय, सेतु निगम के प्रबंधक आशीष गर्ग, प्रोजेक्ट मैनेजर एके सिंह एवं स्थानीय जन प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
जीडीए के 17 कामों का भी होगा लोकार्पण, शिलान्यास
गोरखपुर। चार दिवसीय दौरे पर गोरखपुर आ रहे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 13 करोड़ की लागत वाले जीडीए के 17 कामों का भी लोकार्पण व शिलान्यास करेंगे। इसमें नौसड़- कालेसर स्ट्रीट लाइट समेत कई सड़कें शामिल हैं।