गोरखपुर।
जिले को विकास योजनाओं की सौगात मिलेगी। इसी सिलसिले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दो दिवसीय दौरे पर गोरखपुर आ रहे हैं। वह पिपराइच चीनी मिल, राजकीय इंटर कॉलेज और राजकीय गर्ल्स इंटर कॉलेज का शिलान्यास करेंगे। इस दौरान बिजली, पानी और सड़क की कई परियोजनाओं का शिलान्यास, लोकार्पण भी किया जा सकता है।
मुख्यमंत्री 16 अक्टूबर को गोरखपुर आएंगे, फिर गोकुल अतिथि भवन में आयोजित उद्यमियों के कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। इसी दिन पिपराइच और मुंडेरवा चीनी मिल बस्ती का शिलान्यास करेंगे। 17 अक्तूबर को कैंपियरगंज के सोनौरा बुजुर्ग गांव जाएंगे। इस गांव में राजकीय इंटर कॉलेज की नींव पड़ रही है। कैंपियरगंज तहसील के ही गोपालगंज हरनामपुर में राजकीय गर्ल्स इंटर कॉलेज खुलेगा। यह क्षेत्र का पहला गर्ल्स इंटर कॉलेज होगा। मुख्यमंत्री के दौरे से पहले ही जिलाधिकारी राजीव रौतेला ने तैयारी शुरू कर दी है। जिलाधिकारी ने रविवार को तमाम अफसरों को पिपराइच, सोनारा बुजुर्ग गांव भेजा। इन अफसरों की देखरेख में हैलीपैड बनाए गए। मुख्यमंत्री भाजपा के कार्यक्रम में भी हिस्सा लेंगे। यह कार्यक्रम गोरखपुर क्लब में होगा।