गोरखपुर।
सड़क हादसे में सुहागिनों का सुहाग न खोए, इसके लिए ट्रैफिक पुलिस ने अभिनव प्रयोग किया है। इस करवा चौथ पर ट्रैफिक पुलिस सुहागिनों से पति को हेलमेट पहनाने को कह रही है। पुलिस की इस अपील को सुहाग की रक्षा के पर्व पर सुहागिनें भी हाथोंहाथ ले रही हैं। इस पहल से रूबरू होकर घर गईं व्रती महिलाओं ने पति को बाइक की चाभी के साथ हेलमेट थमाया। वहीं बिना हेलमेट पहने पति के साथ बाजार आईं सुहागिनों ने ट्रैफिक पुलिस की अपील पर अपने सुहाग से करवा चौथ के मौके पर हेलमेट अपनाने का वादा तोहफे में मांगा।
करवा चौथ पर ट्रैफिक पुलिस ने शहर भर में होर्डिंग्स लगवाई हैं। इनमें ‘इस करवा चौथ पर अपने पति को हेलमेट पहनाएं’ लिखा है और छननी से पति को देखती महिला का चित्र उकेरा गया है। ट्रैफिक पुलिस ने रविवार को शहर में जगह-जगह पर बिना हेलमेट गुजर रहे बाइक सवार दंपती को रोका और हेलमेट जागरूकता अभियान में सुहागिनों का साथ मांगा। समझाया कि सड़क हादसों में ज्यादातर बाइक सवारों की मौत का अहम कारण उनकी हेलमेट न लगाने की आदत भी होती है। कहा कि दिल, गुर्दा जैसे अंग तो खोकर भी मिल सकते हैं, लेकिन सिर नहीं। सुहागिनों ने भी ट्रैफिक पुलिस के सामने हादसे के ग्रहण से अपने चांद के ‘चांद’ को बचाने के लिए उनसे हेलमेट लगाकर ही बाइक चलाने का वादा लिया।